सीतामढ़ी में पुलिस महकमे में फेरबदल, मोनू कुमार को गाढ़ा तो रामनाथ प्रसाद को पुपरी थाने की मिली कमान
Sitamarhi Police Reshuffle: सीतामढ़ी में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। एसपी ...और पढ़ें

मोनू कुमार को गाढ़ा और रामनाथ प्रसाद को पुपरी की जिम्मेदारी।
HighLights
सीतामढ़ी पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया।
मोनू कुमार गाढ़ा, रामनाथ प्रसाद पुपरी के थानाध्यक्ष बने।
त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था मजबूत करने का लक्ष्य।
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। Bihar Police News: जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। एसपी अमित रंजन ने आदेश जारी कर गाढ़ा और पुपरी थाने में नए थानाध्यक्षों की तैनाती कर दी है।
इसके तहत मोनू कुमार को गाढ़ा थाने की कमान सौंपी गई है, जबकि इंस्पेक्टर रामनाथ प्रसाद को पुपरी का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। दोनों थानों में नए प्रभारियों की नियुक्ति से पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
क्यों हुई थी नई तैनाती?
गौरतलब है कि गंभीर शिकायतों के बाद कर्तव्य में लापरवाही और विभागीय निर्देशों की अनदेखी के आरोप में गाढ़ा की तत्कालीन थानाध्यक्ष सोनी कुमारी को निलंबित कर दिया गया था।
वहीं, पुपरी के तत्कालीन थानाध्यक्ष रामाशंकर कुमार पर भी विभागीय कार्रवाई की गाज गिरी थी। इन दोनों थानों में थानाध्यक्ष का पद रिक्त चल रहा था, जिसके बाद एसपी ने त्योहारों के मद्देनजर तत्काल प्रभाव से यह नई नियुक्तियां की हैं।
त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता
एसपी अमित रंजन ने बताया कि दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर संवेदनशील थानों में नए थानाध्यक्षों की तैनाती बेहद आवश्यक थी।
पर्व-त्योहार के इस माहौल में जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण पर कड़ी नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। पुलिस प्रशासन का पूरा फोकस शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से त्योहार संपन्न कराने पर है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।