विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी में पुलिस को चकमा देकर हाजत से भागा था प्रभु भगत, 1.3 किलो चरस के साथ दबोचा गया

Published: Mon, 02 Nov 2026 03:39 PM (IST)

सीतामढ़ी में 25 हजार के इनामी कुख्यात अपराधी प्रभु भगत को पुलिस ने 1.3 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. 25 हजार का इनामी प्रभु भगत गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने 1.3 किलोग्राम चरस के साथ पकड़ा।

  3. लूट, हत्या सहित 12 मामलों में वांछित था।

सुमित कुमार, सीतामढ़ी । पुलिस की गिरफ्त से भागकर लंबे समय से फरारी काट रहा 25 हजार रुपये का इनामी कुख्यात अपराधी प्रभु भगत आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया। कभी थाना हाजत से पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ यह बदमाश इस बार बाइक से सीतामढ़ी की ओर जा रहा था।

रास्ते में पुलिस की घेराबंदी ने उसकी फरारी पर विराम लगा दिया। तलाशी में उसके पास से 1.3 किलोग्राम चरस बरामद हुई। लूट, डकैती और हत्या समेत 12 आपराधिक मामलों में वांछित प्रभु की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है।

एसटीएफ की सूचना पर बिछाया जाल

एसपी कार्यालय से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एक-दो नवंबर की मध्यरात्रि बिहार एसटीएफ ने परिहार थानाध्यक्ष पंकज कुमार यादव को प्रभु भगत के आने की सूचना दी। बताया गया कि वह जगदर-परवाहा रोड से सीतामढ़ी की ओर जाने वाला है। इसके बाद पुलिस ने बेला खाप मोड़ के पास वाहन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक से पहुंचे प्रभु भगत को घेराबंदी कर दबोच लिया गया।

पहले भी हाजत से हो चुका था फरार

प्रभु भगत को पूर्व में परिहार थानाध्यक्ष ने मादक पदार्थ के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। हालांकि, वह थाना हाजत से फरार होने में सफल रहा था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इस बार गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से 1.3 किलोग्राम चरस और एक बाइक बरामद की गई। मामले में परिहार थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 287/26 दर्ज किया गया है।

पांच थानों में दर्ज हैं 12 मामले

गिरफ्तार प्रभु भगत (34) परसौनी थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव निवासी महेंद्र भगत का पुत्र है। उसके विरुद्ध परसौनी, सीतामढ़ी नगर, रीगा, बथनाहा और परिहार थानों में लूट, डकैती, हत्या, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कुल 12 मामले दर्ज हैं। इनमें हाजत से फरार होने का मामला भी शामिल है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में बड़ी वारदात की थी तैयारी, पुलिस ने पांच बदमाशों के मंसूबों पर फेरा पानी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।