सीतामढ़ी के होटल में कौन चला रहा था खेल, पुलिस की दबिश में तीन युवतियां मुक्त
सीतामढ़ी के मेहसौल थाना क्षेत्र के एक होटल में देह व्यापार की आशंका पर पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें तीन ...और पढ़ें

मेहसौल थाना क्षेत्र स्थित होटल में छापेमारी के बाद जांच-पड़ताल करती मानव तस्करी निरोध इकाई की टीम। जागरण
HighLights
सीतामढ़ी होटल में पुलिस ने देह व्यापार की आशंका पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
होटल मैनेजर सहित कई ग्राहकों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी।
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। होटल में कमरा बुक कर आने वाले लोगों की गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ तो मंगलवार को अचानक छापेमारी कर दी गई। मेहसौल थाना क्षेत्र के एक होटल में मानव तस्करी निरोध इकाई (एएचटीयू) की टीम पहुंची तो वहां अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने होटल से तीन युवतियों को सुरक्षित मुक्त कराया। वहीं होटल मैनेजर समेत कई ग्राहकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि होटल की आड़ में देहव्यापार का धंधा चल रहा था या युवतियों को किसी संगठित नेटवर्क के जरिए यहां लाया गया था।
एसपी के निर्देश पर पहुंची टीम
पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के निर्देश पर डीएसपी (विशेष अपराध) दयाशंकर सिंह और मानव तस्करी निरोध इकाई के प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी की गई। टीम ने होटल में मौजूद लोगों से पूछताछ की और तीनों युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
होटल मैनेजर और ग्राहकों से पूछताछ
कार्रवाई के दौरान होटल मैनेजर समेत कई ग्राहकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस उनसे यह जानने की कोशिश कर रही है कि होटल में युवतियों को किसके माध्यम से लाया जाता था और यहां आने वाले लोगों से उनका क्या संपर्क था। होटल में आने-जाने वालों की गतिविधियों और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।
मानव तस्करी के नेटवर्क की तलाश
छापेमारी में मेहसौल थानाध्यक्ष के अलावा अदिथि के कन्वर्जेंस विशेषज्ञ मुकुंद चौधरी, एसोसिएशन फार वॉलंटरी एक्शन के सहायक परियोजना अधिकारी शिव शंकर ठाकुर, बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी सोनू यादव समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे।
दबाव या ब्लैकमेलिंग की भी जांच
पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि मुक्त कराई गई युवतियों को कहीं दबाव, ब्लैकमेलिंग या मानव तस्करी के जरिए इस धंधे में तो नहीं धकेला गया था। युवतियों से बातचीत और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।