सीतामढ़ी : नेपाल से भारत में दाखिल हो रही थी शराब की खेप, एसएसबी ने दो तस्करों को पकड़ा
एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सीतामढ़ी में 349.8 लीटर नेपाली शराब जब्त ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी रोकी।
सीतामढ़ी में 349.8 लीटर नेपाली शराब जब्त की गई।
दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस को सौंपे गए, न्यायिक हिरासत में।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। भारत-नेपाल सीमा पर अंधेरे की आड़ में शराब की खेप लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे तस्करों पर एसएसबी ने शिकंजा कसा है।
परिहार थाना क्षेत्र की सहसराम सीमा चौकी के पास जवानों ने कार्रवाई करते हुए 349.8 लीटर नेपाली शराब बरामद की। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई अन्य संदिग्ध सामान व बाइक छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकले।
बरामद शराब और बाइक के साथ गिरफ्तार आरोपितों को एसएसबी ने आगे की कार्रवाई के लिए परिहार पुलिस को सौंप दिया।
निगरानी के दौरान दिखे संदिग्ध
एसएसबी की 51वीं वाहिनी की सी कंपनी, सीमा चौकी सहसराम के जवान सीमा स्तंभ संख्या 305/4 के पास निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान जवानों ने नेपाल की ओर से कुछ लोगों को सिर पर सामान लेकर आते देखा। उनके साथ एक दोपहिया वाहन भी था। नाका पार्टी को देखते ही संदिग्धों में अफरातफरी मच गई।
सामान व बाइक छोड़कर भागे
जवानों को देखते ही कुछ लोग सामान और बाइक छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगे। एसएसबी जवानों ने उनका पीछा किया और दो लोगों को पकड़ लिया। इस दौरान कई अन्य संदिग्ध नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान परिहार थाना क्षेत्र के पिपरा बिशनपुर गांव निवासी श्याम राय और सुरसंड थाना क्षेत्र के हरारी दुलारपुर निवासी रूपेश मुखिया के रूप में हुई।
349.8 लीटर शराब जब्त
तलाशी के दौरान मौके से कुल 349.8 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। इसके साथ एक बाइक भी जब्त की गई। एसएसबी ने बरामद शराब, बाइक और दोनों गिरफ्तार आरोपितों को परिहार पुलिस के हवाले कर दिया।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए
मामले में परिहार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की। पूछताछ के बाद दोनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फरार संदिग्धों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
