मुजफ्फरपुर में महिला के घर से स्मैक बरामद, 10 हजार से अधिक नकदी भी जब्त
मुजफ्फरपुर के अहियापुर में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आोपित।
HighLights
अहियापुर में नशे के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई।
महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, मादक पदार्थ जब्त।
स्मैक, गांजा और 11,490 रुपये नकद बरामद।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। अहियापुर में नशे के कारोबार पर पुलिस ने एक साथ दो जगह कार्रवाई कर महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। विजय छपड़ा में एक महिला के घर से 17 पुड़िया स्मैक बरामद हुई, जबकि जीरोमाइल स्थित एक गुमटीनुमा दुकान से गांजा मिला।
पुलिस ने तीनों के पास से मादक पदार्थ के साथ 11,490 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने कार्रवाई की जानकारी दी।
महिला के घर पुलिस की दबिश
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थ की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर अहियापुर थाने की टीम ने विजय छपड़ा वार्ड संख्या आठ स्थित अनिता देवी के घर पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान 17 पुड़िया में कुल छह ग्राम स्मैक बरामद हुई। मौके से अनिता देवी और मिंता देवी को गिरफ्तार किया गया। दोनों अहियापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई हैं। इनके पास से 10,640 रुपये नकद भी मिले।
गुमटी में मिला 90 ग्राम गांजा
इसके बाद पुलिस टीम को दोबारा गुप्त सूचना मिली। टीम ने जीरोमाइल स्थित जयराम साह की गुमटीनुमा दुकान पर छापेमारी की। यहां से पुड़िया सहित करीब 90 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने जयराम साह को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 850 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
मामला दर्ज कर जांच शुरू
पुलिस ने तीनों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां-कहां खपाया जाना था। अभियान के तहत क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
