मुजफ्फरपुर में शराब की बड़ी खेप जब्त, हरियाणा-दिल्ली के सिंडिकेट से जुड़े तार
मुजफ्फरपुर में रामदयालु मलंग स्थान के पास कच्ची पक्की ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब से लदा एक कंटेनर जब्त किया।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। रामदयालु मलंग स्थान के समीप शराब की बड़ी खेप पहुंचने से पहले पुलिस ने उसे पकड़ लिया। सदर थाना अंतर्गत कच्ची पक्की ओपी की पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब लदी एक कंटेनर जब्त की।
मिलान में कंटेनर से 5220.72 लीटर अंग्रेजी शराब और 180 एमएल के 36720 कोल्ड ड्रिंक केन बरामद हुए। हालांकि, इस दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि शराब और मादक पदार्थों की जब्ती को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर कच्ची पक्की ओपी पुलिस ने रामदयालु मलंग स्थान के समीप कार्रवाई की। पुलिस ने शराब लदी कंटेनर को जब्त कर लिया।
मिलान में सामने आई बड़ी खेप
पुलिस के अनुसार, जब्त कंटेनर से 5220.72 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके साथ 180 एमएल के 36720 कोल्ड ड्रिंक केन भी मिले। शराब के परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस बरामद शराब के स्रोत और उसके गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
हरियाणा-दिल्ली के सिंडिकेट से जुड़े तार
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हरियाणा और दिल्ली के शराब सिंडिकेट से जुड़े धंधेबाजों द्वारा शराब की बड़ी खेप मंगवाई गई थी। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि शराब कहां से भेजी गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
धंधेबाजों की गिरफ्तारी को छापेमारी
इस मामले में कच्ची पक्की ओपी (सदर थाना) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
