विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी में तंत्र-मंत्र के नाम पर बच्चों से अमानवीय व्यवहार, श्मशान में चार साल से चल रहा ‘इलाज’

By Sanjay Kumar SinghEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 06 Oct 2026 03:20 PM (IST)

सीतामढ़ी के महादेवपट्टी श्मशान परिसर में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का एक वीडियो वायरल हुआ है, जहां एक कथित ...और पढ़ें

HighLights

  1. सीतामढ़ी श्मशान में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल।

  2. कथित भगत तंत्र-मंत्र से इलाज के नाम पर बच्चों को झकझोरता।

  3. पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया, जांच शुरू की गई।

संवाद सहयोगी, परिहार (सीतामढ़ी)। बीमारी ठीक होने की आस में लोग श्मशान पहुंचते हैं, लेकिन वहां बच्चों के साथ कथित तौर पर होने वाले व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद पूरा मामला सवालों के घेरे में आ गया है।

सीतामढ़ी के परिहार प्रखंड के महादेवपट्टी गांव स्थित श्मशान परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें लाल कपड़ों में एक कथित भगत बच्चों को झकझोरते, पैरों से पकड़कर हवा में नचाते और फिर जमीन पर पटकते दिखाई दे रहा है। बच्चे इस दौरान चीखते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में दिख रहा अमानवीय व्यवहार

वीडियो में कथित भगत बच्चों के साथ जिस तरह का व्यवहार करता दिख रहा है, उसे देखकर लोग हैरान हैं। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति महादेवपट्टी गांव निवासी रास नारायण महतो का पुत्र श्रवण भगत है।

तंत्र-मंत्र से इलाज का दावा

स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि उक्त भगत तंत्र-मंत्र और टोटके के जरिए विभिन्न तरह की समस्याओं से परेशान तथा दिव्यांग बच्चों को ठीक करने का भरोसा दिलाता है। इसके अलावा अन्य समस्याओं के समाधान का भी दावा किए जाने की बात कही जा रही है।

चार साल से श्मशान में जुट रही भीड़

बता दें कि महादेवपट्टी स्थित श्मशान परिसर में करीब चार वर्षों से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को यह कथित इलाज चल रहा है। बड़ी संख्या में लोग अपने स्वजन के इलाज की उम्मीद लेकर यहां पहुंचते हैं। अब वीडियो सामने आने के बाद इस पूरे मामले की कार्यप्रणाली और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस ने लिया संज्ञान

वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। परिहार थानाध्यक्ष पंकज यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस टीम को गांव भेजा गया था, लेकिन फिलहाल भगत से मुलाकात नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है।

संरक्षण की भी होगी जांच

श्मशान परिसर में बच्चों के साथ कथित तौर पर इस तरह का व्यवहार कब से हो रहा है और इसके पीछे कौन लोग हैं, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर लोगों की नजर है।

यह भी पढ़ें- Railway Ticket Scam : टिकट के लिए दलालों के चक्कर में न पड़ें, बिहार के भगवानपुर स्टेशन पर सामने आया बड़ा खेल

यह भी पढ़ें- नेपाल से उत्तर बिहार तक नशे का नेटवर्क, सात बड़े तस्करों के नाम आए सामने