Railway Ticket Scam : टिकट के लिए दलालों के चक्कर में न पड़ें, बिहार के भगवानपुर स्टेशन पर सामने आया बड़ा खेल
Ticket Broker : मुजफ्फरपुर के भगवानपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने टिकट दलाली का भंडाफोड़ किया है। एक दलाल को ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
HighLights
भगवानपुर स्टेशन पर आरपीएफ ने टिकट दलाली का भंडाफोड़ किया।
एक दलाल 10 हजार से अधिक के अवैध टिकटों संग गिरफ्तार।
रेलवे ने यात्रियों से अधिकृत स्रोतों से टिकट खरीदने की अपील की।
गोपाल तिवारी। मुजफ्फरपुर। Bhagwanpur Railway Station : मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेल खंड स्थित भगवानपुर रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर टिकट दलाली का मामला सामने आया है।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन उपलब्ध के तहत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये से अधिक मूल्य के अवैध आरक्षित टिकटों के साथ एक टिकट दलाल को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में उसके एक साथी का नाम सामने आया है, जो कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। आरपीएफ की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
आरपीएफ पोस्ट हाजीपुर के निरीक्षक प्रभारी के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक चंद्रशेखर सिंह और आरक्षी धर्मेंद्र कुमार की टीम भगवानपुर स्टेशन पर जांच कर रही थी।
इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध तरीके से टिकटों की खरीद-बिक्री करते मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से 10 हजार रुपये से अधिक मूल्य के आरक्षित टिकट बरामद हुए। पूछताछ और जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान वैशाली जिले के कटहरा थाना क्षेत्र के चेहराकला वार्ड-12 निवासी मोहम्मद नुरैन (29) के रूप में हुई है। आरपीएफ के अनुसार, बरामद टिकट दूसरे यात्रियों को अधिक कीमत पर बेचने के लिए रखे गए थे। पूछताछ में नुरैन ने अपने साथी चेहराकला निवासी मोहम्मद जावेद आलम (24) के बारे में जानकारी दी। जावेद मौके से फरार हो गया।
एक दशक से टिकट दलाली की शिकायतें
भगवानपुर स्टेशन पर टिकट दलाली का मामला नया नहीं है। करीब एक दशक पहले भी यहां रेलवे सुरक्षा बल और संबंधित एजेंसियों की कार्रवाई में कई टिकट दलाल पकड़े जा चुके हैं।
उस दौरान टिकट दलाली में कथित संलिप्तता को लेकर बुकिंग काउंटर पर तैनात रेल कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई हो चुकी है। इसके बावजूद समय-समय पर यहां टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री का मामला सामने आना निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
आरपीएफ ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट दलालों के झांसे में न आएं। टिकट केवल अधिकृत रेलवे आरक्षण काउंटर अथवा आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट से ही बुक करें।
यह भी पढ़ें- मोकामा गंगा रेल पुल पर NI कार्य पूरा, मुजफ्फरपुर में ट्रेनों की रफ्तार हुई सामान्य
