सीतामढ़ी में कैदियों के लिए 'सेफ जोन' बना सदर अस्पताल, 6 माह में तीन कैदी हो चुके हैं फरार
सीतामढ़ी सदर अस्पताल का कैदी वार्ड कैदियों के भागने का 'सेफ जोन' बन गया है, जहाँ कमजोर सुरक्षा व्यवस्था के ...और पढ़ें

सीतामढ़ी सदर अस्पताल। फोटो जागरण
HighLights
तीन विचाराधीन कैदी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हुए।
कमजोर वेंटिलेटर और खिड़कियों का फायदा उठाकर कैदी भागे।
सुरक्षाकर्मियों को निलंबित किया गया, पर स्थायी समाधान नहीं।
सुमित कुमार, सीतामढ़ी। सदर अस्पताल का कैदी वार्ड इलाज के लिए कम और कैदियों के फरार होने के लिए ज्यादा चर्चा में है। यहां सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर एक के बाद एक तीन विचाराधीन कैदी फरार हो चुके हैं।
किसी ने बाथरूम का वेंटिलेटर तोड़ा तो किसी ने शौचालय की खिड़की उखाड़कर पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला। इसके बावजूद न कैदी वार्ड की जगह बदली गई और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। हर बार कैदी फरार होता है और कार्रवाई के नाम पर सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया जाता है।
बीते करीब छह माह में तीन विचाराधीन कैदी फरार हो चुके हैं। ताजा घटना 14 नवंबर की आधी रात की है। हत्या के प्रयास मामले में मंडल कारा में बंद भुतही थाना क्षेत्र के कचोर गांव वार्ड नंबर दो निवासी विजय महतो सदर अस्पताल के कैदी वार्ड के वेंटिलेटर को तोड़कर फरार हो गया।
वह 11 मई से मंडल कारा में बंद था। तबीयत बिगड़ने पर आठ नवंबर को उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसकी सुरक्षा में चार पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन उनकी निगरानी के बावजूद कैदी फरार हो गया।
घटना के बाद चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इससे पहले अन्हारी सीएसपी लूटकांड का मास्टरमाइंड फेकन महतो भी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देकर फरार हो चुका है।
परसौनी थाना क्षेत्र के सुंदरगामा निवासी फेकन महतो को पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद इलाज के लिए कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
इसी दौरान उसने बाथरूम का वेंटिलेटर तोड़ कर फरार हो गया। इस मामले में पांच सुरक्षाकर्मियों को निलंबित किया गया था।
करीब दो महीने बाद सितंबर में एसटीएफ की टीम ने उसे गाढ़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसके विरुद्ध जिले में लूट, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं।
तीसरी घटना में मधुबनी जिले के मधवापुर थाना क्षेत्र के पिरौखर गांव निवासी छेदी मंडल सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हो गया था।
उसे पुपरी थाना पुलिस ने एक लड़की के अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अभिरक्षा में ही उसने ब्लेड से अपनी गर्दन और हाथ काट लिए थे।
तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान वह शौचालय की खिड़की तोड़कर पुलिसकर्मियों को चकमा देते हुए फरार हो गया था।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कैदी वार्ड में बने वेंटिलेटर और शौचालय की खिड़कियां इतनी कमजोर क्यों हैं कि कैदी उन्हें तोड़कर आसानी से भाग निकलते हैं।
लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए कैदी वार्ड को किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की जरूरत है। साथ ही वेंटिलेटर और खिड़कियों को मजबूत करने, लोहे की जाली लगाने, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा जरूरी है।
एसपी अमित रंजन ने बताया कि 14 नवंबर को कैदी के भागने के मामले में सिपाही सुशील कुमार को निलंबित कर दिया गया है। घटना के समय कैदी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों को चिह्नित किया जा रहा है।
लापरवाही सामने आने पर उन्हें भी निलंबित किया जाएगा। कैदी वार्ड का आडिट कराकर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और जवाबदेही तय करना जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।