विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी में ज्वेलरी शॉप और CSP सेंटर में लूट की डकैती साजिश नाकाम, 10 शातिर गिरफ्तार; हथियार बरामद

Published: Tue, 20 Oct 2026 03:18 PM (IST)

सीतामढ़ी पुलिस ने रुन्नीसैदपुर में एक बड़ी लूट और डकैती की साजिश को नाकाम करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

10 बदमाश गिरफ्तार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

10 बदमाश गिरफ्तार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. सीतामढ़ी पुलिस ने बड़ी लूट की साजिश नाकाम की।

  2. दस आरोपी गिरफ्तार, तीन देशी पिस्टल बरामद किए गए।

  3. सोने की दुकान और सीएसपी केंद्र लूटने की थी योजना।

संवाद सहयोदी, रुन्नीसैदपुर (सीतामढ़ी)। थानाक्षेत्र में पुलिस ने लूट व डकैती की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दस आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से तीन देशी पिस्टल,आठ जिंदा कारतूस तथा कई मोबाइल फोन बरामद किया है। 

पुलिस के अनुसार बदमाशों की योजना नानपुर थानाक्षेत्र के बहुरार गांव स्थित सोने की दुकान व एक सीएसपी केंद्र लूटने की थी। मामले में शामिल दो अन्य आरोपित अभी फरार हैं,जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के द्वारा छापेमारी की जा रही है।

दीपक की गिरफ्तारी तथा पूछताछ 

थानाध्यक्ष ललित कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि बघाड़ी गांव निवासी दीपक कुमार की देशी पिस्टल के साथ फोटो ह्वाट्सएप पर वायरल हुई थी। इस मामले में दीपक की गिरफ्तारी तथा पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सका। 

व्हाट्सएप पर वायरल देशी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस दीपक की निशानदेही पर उसकी चाची बच्ची देवी के पास से बरामद की गई। पिस्टल को एक टेडीबियर में छुपाकर घर के पिछले हिस्से में रखा गया था। पुलिस ने पिस्टल के साथ बच्ची देवी को भी गिरफ्तार कर लिया।पुछताछ के दौरान बदमाशों के जो नाम सामने आए, उनको पकड़ने के लिए पुअनि दिनेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 

योजना बनाने में कुल ग्यारह लोगों के नाम

चैनपुर गाछी में लूट की योजना बनाने में कुल ग्यारह लोगों के नाम सामने आया। आनन-फानन में हुई पुलिस कार्रवाई के तहत इनमें से कुल नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। चैनपुर गाछी में एक आम के पेड़ के समीप जमीन के नीचे दो देशी कट्टे तथा 315 बोर के छ: जिंदा कारतूस दबाकर रखें गए थे। बदमाशों की निशानदेही पर इसे भी बरामद कर लिया गया। 

पुलिस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपितों में थानाक्षेत्र के बघाड़ी गांव निवासी भोला राउत के पुत्र दीपक कुमार,सोनू कुमार, विशंभर राउत के पुत्र मनीष कुमार, विशंभर राउत की पत्नी बच्ची देवी, दिलीप कुमार चौधरी के पुत्र आयुष कुमार, नानपुर थानाक्षेत्र के अधगांव निवासी संजीव कुमार राय के पुत्र प्रिंस कुमार,राम प्रकाश राउत के पुत्र मोहित कुमार , ददरी गांव के त्रिवेणी राय के पुत्र अवधेश कुमार तथा बाजपट्टी थानाक्षेत्र के सौरा गांव निवासी मुंद्रिका कुंवर के पुत्र अभिमन्यु कुमार व आनंद मोहन कुमार शामिल हैं। 

थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि इस मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आरोपित कुल 12 नामजदों में से दस को गिरफ्तार कर लिया गया है। बघाड़ी गांव निवासी दीपेन्द्र पांडे के पुत्र शिवम कुमार तथा रुन्नीसैदपुर बाजार, वार्ड संख्या -09 निवासी विनोद महतो के पुत्र भोलू उर्फ राजीव कुमार अभी फरार है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी में देसी पिस्टल के साथ सोनबरसा का युवक गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ