विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां भारत में, बेटी नेपाल में... झीम नदी के घाट पर मिट जाती है दो देशों की सरहद, साथ मिलकर देती हैं छठ का अर्घ्य

Published: Thu, 12 Nov 2026 12:24 PM (IST)

भारत-नेपाल सीमा पर झीम नदी का संगम घाट छठ महापर्व पर दोनों देशों के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनता ...और पढ़ें

झीम नदी के घाट पर मिट जाती है दो देशों की सरहद

झीम नदी के घाट पर मिट जाती है दो देशों की सरहद

HighLights

  1. भारत-नेपाल सीमा पर झीम नदी छठ पूजा का केंद्र।

  2. हजारों श्रद्धालु एक साथ अर्घ्य देते, दिखाते एकता।

  3. सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, आपसी सहयोग से आयोजन।

अमरनाथ महतो, सोनबरसा (सीतामढ़ी)। सरहदें भले ही दो देशों को अलग करती हों, लेकिन आस्था की धारा जब बहती है तो सारी सीमाएं छोटी पड़ जाती हैं। झीम नदी के तट पर भारत-नेपाल संगम घाट इसका जीवंत उदाहरण है। यहां छठ महापर्व पर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए दोनों देशों के हजारों श्रद्धालु एक साथ जुटते हैं। 

प्रतिवर्ष भारत-नेपाल सीमा पर अवस्थित झीम नदी के दोनों घाटों पर दोनों देश की परंपराओं और संस्कृति का मधुर मिलन होता है। झीम नदी के संगम घाट पर छठ की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। 

आसपास के गांवों के व्रती आते हैं छठ करने

इस घाट पर नेपाल के त्रिभुवन नगर और भेलही ब्रह्पुरी, मलंगवा से करीब दो हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं भारतीय क्षेत्र से सोनबरसा, लालबंदी, बसतपुर-मुसरनिया, हरिहरपुर, चिलरी और चिलरा सहित आसपास के गांवों के व्रती यहां छठ करने आते हैं। कुछ दूरदराज के गांवों से भी श्रद्धालु संगम घाट की विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के कारण यहां पहुंचते हैं। 

इस संगम घाट की एक और खास पहचान सेवा भाव भी है। यहां घाट निर्माण कार्य आपस में मिलजुल कर श्रमदान के माध्यम से करते हैं। घाट पर टेंट लगाने के साथ व्यवस्था भी आपसी सहयोग से की जाती है। 

सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद

पंचायत समिति सदस्य विजय बैठा व राज किशोर महतो ने बताया कि स्थानीय युवकों के अलावा घाट निर्माण में लगे मजदूर भी पहले से मजदूरी तय करने या पैसे मांगने की जिद नहीं करते। छठ व्रती अपनी श्रद्धा से जो दे देते हैं, उसे वे खुशी से स्वीकार कर लेते हैं। आस्था के इस बड़े आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रहती है। 

भारतीय क्षेत्र में एसएसबी और बिहार पुलिस के जवान मुस्तैदी से तैनात रहते हैं, वहीं झीम नदी पुल और नेपाल की ओर आसपास के इलाके में नेपाली सुरक्षा जवान निगरानी करते हैं। दोनों देशों के सुरक्षा तंत्र की सतर्कता से श्रद्धालुओं की आवाजाही और पर्व के आयोजन को सुरक्षित बनाने की व्यवस्था रहती है। 

झीम नदी का यह संगम घाट केवल छठ पूजा का स्थल नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक रिश्तों,सांस्कृतिक एकता, आपसी सहयोग और अटूट आस्था का प्रतीक भी है। यहां एक ही नदी के तट पर दो देशों के लोग एक साथ सूर्योपासना करते हैं और पूरी दुनिया को भाईचारे का संदेश देते हैं। 

दोनों देशों की पुलिस को बड़ी चुनौती

रोशनी से जगमग घाटों की सजावट की झलक पाने के लिए दूरदराज से भी लोग आते हैं। करीब दस हजार से ज्यादा की भीड़ को नियंत्रित करने में दोनों देशों की पुलिस को कभी बड़ी चुनौती नहीं बनी। 

आश्चर्य यह कि इस स्थान पर छठ पूजा करने के लिए कोई पूजा समिति भी नहीं है। बावजूद इसके सबकुछ शांतिपूर्ण और परंपरा व भव्यता के साथ संपन्न होता है। बाजार के ठेकेदार, पंचायत प्रतिनिधि एवं समाजसेवियों द्वारा अलग-अलग स्टाल लगाए जाते हैं जहां एक भाव से श्रद्धालुओं को निशुल्क चाय-पानी की व्यवस्था रहती है।

घाटों में भारतीय मां देती अर्घ्य, बेटी देती फलों से भरा सुपली

उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद महिलाएं एक-दूसरे को नाक से लेकर सिर तक सिंदूर और गले लगाकर आपसी रिश्ते की प्रगाढ़ता को मजबूत संबल प्रदान करती हैं। 15-16 नवंबर को भगवान भास्कर को अर्घ्य देने जब झीम नदी के दोनों किनारे व्रती पर नेपाल में बसी बेटी से भारत में बसी मां का मिलन का आनंद शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। 

इस छठ घाट पर दोनों देश के व्रती रात भी साथ गुजारते हैं। रात को भी एक देश में बसने वाले रिश्तेदार दूसरे देश में बसे रिश्तेदारों से मिलने उसके घाटों पर जाते हैं। वह पल और ज्यादा सुखद होता है जब भारत या नेपाल में बसी मां या पुत्री को पानी में उतर कर सूर्य को अर्घ्य देते वक्त एक दूसरे को सुपली हाथों में देते हैं। इस वक्त दोनों देश की सरहद भी कहीं नजर नहीं आता है। बस नजर आता है तो रिश्तों के बीच प्यार ही प्यार।

यह भी पढ़ें- छठ पर एक हुए दो देश! कोसी बराज घाट पर भारत और नेपाल के लोग मिलकर कर रहे तैयारी, दिखेगा अद्भुत नजारा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।