समंदर पार भी नहीं छूटी सीतामढ़ी की माटी की खुशबू, मस्कट के समुद्र तट पर गूंजा छठी माई का गीत
ओमान के मस्कट में भारतीय समुदाय ने छठ महापर्व को पूरे उत्साह और परंपरा के साथ मनाया। समुद्र तट पर ...और पढ़ें

समंदर पार भी नहीं छूटी सीतामढ़ी की माटी की खुशबू, मस्कट के समुद्र तट पर गूंजा छठी माई का गीत
HighLights
ओमान के मस्कट में भारतीय समुदाय ने मनाई छठ पूजा।
डेढ़ सौ से अधिक परिवारों ने समुद्र तट पर अर्घ्य दिया।
बिहार की परंपरा और संस्कृति को विदेशों में भी जीवंत रखा।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। देश ही नहीं, विदेशों में भी भारतीय, विशेषकर बिहार के लोग छठ पर्व (Chhath Puja) को लेकर उत्साहित रहते हैं। वे वहां भी व्रत रखकर पवित्रता और परंपरा के अनुसार पर्व मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
इसी क्रम में ओमान के मस्कट स्थित समुद्र तट पर भारतीय लोगों ने एक साथ मिलकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं, सोमवार की सुबह भारतीय समय से डेढ़ घंटे बाद उदीयमान सूर्य को परंपरा के साथ अर्घ्य दिया गया।
मस्कट के समुद्र तट पर छठ पर वहां रहने वाले करीब डेढ़ सौ परिवार पहुंचे। व्रतियों के साथ परंपरा का निर्वहन किया। इस अवसर पर बच्चे समुद्र की तरंगों से खेलते रहे, वहीं, युवाओं ने उदयमान भगवान भास्कर को जल देकर वतन और अपनी परंपरा को याद किया।
व्रतियों ने महिलाओं को सिंदूर लगाया और खोईछा में प्रसाद दिया। इस दौरान परंपरा के अनुसार बड़ों को व्रतियों ने चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। बच्चों को भी व्रतियों का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेने की परंपरा का भान कराया गया।
परंपरागत परिधानों में पहुंचे भारतीय महिला व पुरुष मस्कट के घाट पर भारतीय महिलाएं व अधिकतर पुरुष अपने परंपरागत परिधानों में पहुंचे। व्रतियों ने अर्घ्य की तैयारी करके रविवार की शाम अस्ताचल सूर्य को एवं सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया।
इसके बाद परंपरा के अनुसार प्रणाम करने के बाद प्रसाद का वितरण किया। कुछ देर वहां रहकर अपने-अपने घरों को वापस हुए। इस दौरान सभी महिलाओं, बच्चों, पुरुषों व युवाओं ने भी उदयमान सूर्य को परंपरा के अनुसार जल अर्पित कर अपनी खुशहाली व समृद्धि की याचना की।
सीतामढ़ी के सुतिहारा निवासी राम कुमार शर्मा ने बताया कि वे इस बार घर नहीं जा सके हैं। वे अपनी पत्नी अर्चना शर्मा व पुत्र सिद्धार्थ शर्मा के साथ छठ घाट पर अन्य व्रतियों व श्रद्धालुओं के साथ शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, घर की याद तो आती है, पर यहां अपनों के बीच छठ मनाकर लगा जैसे हम बिहार में ही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।