विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में छठ की अद्भुत छटा: रोशनी से नहाए 55 घाटों पर मिटा दिन-रात का फर्क, लाखों श्रद्धालुओं ने दिया सूर्य को अर्घ्य

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:05 AM (IST)

पटना सिटी में कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी व सप्तमी पर 55 गंगा घाटों पर छठ महापर्व की अद्भुत छटा ...और पढ़ें

पटना में छठ की अद्भुत छटा

पटना में छठ की अद्भुत छटा

HighLights

  1. 55 गंगा घाटों पर छठ महापर्व का उल्लास दिखा।

  2. लाखों श्रद्धालुओं ने सूर्य देवता को अर्घ्य दिया।

  3. रोशनी से सजे घाटों पर दिन-रात का फर्क मिटा।

जागरण संवाददाता, पटना सिटी। कार्तिक शुक्ल पक्ष की पष्ठी व सप्तमी पर अनुमंडल क्षेत्र के लॉ कॉलेज घाट से लेकर दीदारगंज के बीच 55 गंगा घाटों पर उल्लास का माहौल दिखा। दीपों की पवित्र ज्योति के साथ पारंपरिक गीत गाती महिलाएं गंगा घाट पहुंचीं।

पुरुष व महिला व्रतियों ने संध्या वंदन व सूर्योदय वंदन के साथ गंगा के ठंडे पानी में खड़े हो आस्था के अंजुरी से सूर्य देवता को अर्घ्य दिया। गंगा तट पर मौजूद लाखों श्रद्धालु इस अविस्मरणीय क्षण के गवाह बने। खास बात यह भी कि लाखों की भीड़ में सभी धर्म व समाज के लोग शामिल थे।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.41.23 AM (1)

व्रतियों ने छठ की छटा बिखेरी

सूर्य साधकों एवं साधिकाओं ने शहर भर में जगह-जगह छठ पर्व की छटा बिखेरी। निर्जल उपवास किये व्रतियों ने घंटों कमर भर गंगा व कृत्रिम तालाब के पानी में खड़े रहकर सूर्य को अर्घ्य दिया।

इस दौरान सड़कों व घाटों पर परस्पर सहयोग व प्रेम का अद्भुत नजारा दिखा। बिना किसी वैदिक मंत्र और किसी कर्मकांड के मनाए जाने वाले लोक आस्था के इस पर्व के मौके पर लाखों व्रतधारियों ने फल और कंद मूल से अस्ताचलगामी व उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.41.22 AM (2)

सूर्य की दोनों शक्तियां ऊषा व प्रत्युषा की आराधना

बजरंगपुरी शिव मंदिर के पुजारी आचार्य अवध किशोर पांडे बताते हैं कि हिन्दू धर्म के देवताओं में सूर्य ऐसे देवता हैं जिन्हें मूर्त रूप से देखा जा सकता है। सूर्य की शक्तियों का मुख्य स्रोत उनकी पत्नी ऊषा और प्रत्यूषा है। छठ में सूर्य के साथ-साथ दोनों शक्तियों की संयुक्त आराधना होती है।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.41.24 AM

प्रात:काल में सूर्य की पहली किरण (ऊषा) और सायंकाल में सूर्य की अंतिम किरण (प्रत्यूषा) को अर्घ्य देकर दोनों को नमन किया जाता है। भगवान सूर्य की आराधना करने वाला व्यक्ति ओजस्वी, तेजस्वी, समृद्धिवान तथा शत्रुओं पर विजय प्राप्त करने वाला होता है।

रोशनी में नहाये घाट, मिटा दिन-रात का फर्क

घाट व सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने, रोशनी, सफाई व्यवस्था के साथ व्रतियों की सेवा एवं सुविधा का ध्यान रखने में सामाजिक संगठनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दउरा ले जाने के पूर्व सड़कों की सफाई व धुलाई की गई।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.41.26 AM

अशोक राजपथ एवं घाट जाने वाले सभी सम्पर्क पथों को रंगीन बल्बों व झालरों से इस तरह सजाया गया था कि दिन-रात का फर्क ही मिट गया।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.41.29 AM

गंगा किनारे घाटों पर रविवार की दोपहर करीब तीन बजे से ही अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं का आना प्रारंभ हो गया। सोमवार की सुबह में अर्घ्य देने के लिये श्रद्धालु तीन बजे भोर से ही गंगा घाटों की ओर जाते दिखे।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.41.30 AM

गंगा में होती रही पेट्रोलिंग

जिला प्रशासन के तैयारियों एवं तंत्र के साथ तालमेल करती अनुमंडल प्रशासन की व्यवस्था भी सराहनीय रही। एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के जवान लगातार गंगा में पेट्रोलिंग कर रहे थे।

WhatsApp Image 2026-11-16 at 8.41.31 AM

सिविल डिफेंस के सदस्य भी प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ गंगा में पेट्रोलिंग करते रहे। प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ सामाजिक संगठन, सिविल डिफेंस तथा स्थानीय सुरक्षा समिति के सदस्य भी घाट व रास्तों की सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे।

1

यह भी पढ़ें- उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन, पटना में कोहरे के बीच सूर्यदेव के दर्शन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।