बिहार में दाढ़ी बनवाने के लिए खूनी संघर्ष, गोली लगने से 75 वर्षीय बुजुर्ग समेत 2 घायल
शेखपुरा के ओनामा गांव में सैलून में दाढ़ी बनवाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें गोलीबारी हुई।

घायल बुजुर्ग अस्पताल में भर्ती। फोटो जागरण
HighLights
सैलून में दाढ़ी बनवाने पर शुरू हुआ विवाद।
विवाद हिंसक हुआ, दोनों पक्षों में गोलीबारी।
75 वर्षीय बुजुर्ग समेत दो लोग गोली लगने से घायल।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के ओनामा गांव में सैलून में पहले दाढ़ी बनवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत हो गई और कई राउंड गोलीबारी हुई।
इस घटना में 75 वर्षीय वीरेंद्र सिंह और 25 वर्षीय पिंकु कुमार गोली लगने से जख्मी हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव के एक सैलून में दाढ़ी बनवाने को लेकर रवि सिंह के भतीजे और मंटू सिंह के पुत्र कारू कुमार के बीच विवाद शुरू हुआ।
बताया जाता है कि कारू पहले दाढ़ी बनवा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान एक पक्ष की ओर से गोलीबारी शुरू कर दी गई, जबकि दूसरे पक्ष के लोगों ने पत्थरबाजी की।
गोलीबारी के दौरान वीरेंद्र सिंह के पैर में गोली लग गई। वहीं, पिंकु कुमार भी गोली लगने से जख्मी हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
खोखे बरामद, जांच में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में शेखोपुरसराय थानाध्यक्ष विवेक चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए गए हैं।
मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
यह भी पढ़ें- बगहा में कलश यात्रा के दौरान करंट से दो बच्चों की मौत, झंडा छूते ही ट्रैक्टर-ट्राली में दौड़ा करंट
