Sheikhpura Crime: पुरैना में गोलीबारी और खूनी संघर्ष में घायल पिता-पुत्र की मौत, अब तक तीन लोगों की गई जान
शेखपुरा जिले के पुरैना में पुराने विवाद को लेकर गोलीबारी और खूनी संघर्ष में अब तक 3 लोगों की मौत हो गई। शनिवार की शाम हुई इस घटना में एक व्यक्ति की मौत पहले ही हो गई थी। इलाज के क्रम में देर रात पिता-पुत्र की भी मौत हो गई।
शेखपुरा, जागरण संवाददाता। शेखपुरा जिले के कोरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैना गांव में पुराने विवाद को लेकर गोलीबारी और खूनी संघर्ष में अब तक तीन लोगों की मौत हो गई। शनिवार की शाम हुई इस घटना में एक व्यक्ति की मौत शाम में ही हो गई थी। बाद में प्रतिशोध में दूसरे पक्ष पर हुए हमले के दौरान घायल पिता-पुत्र की इलाज के क्रम में देर रात मौत हो गई। गोली लगने से अदालत यादव की मौत के बाद दूसरे पक्ष के तीन लोगों को घायल अवस्था में पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था, जिसमें पिता स्वारथ यादव (50) और उनके पुत्र सार्जन यादव (25) की मौत देर रात इलाज के दौरान हो गई।
बता दें कि पुराने विवाद को लेकर देर शाम हुए विवाद में गोली लगने से अदालत यादव की मौत हो गई थी। उसके दो अन्य भाई बिलास यादव तथा श्यामदेव यादव भी हमले में घायल हो गए, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी का प्रतिशोध लेने के लिए दूसरे पक्ष के घर पर अदालत यादव के समर्थकों ने हमला कर दिया और बेरहमी से सभी की पिटाई कर दी, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए।घायलों को पुलिस के द्वारा शेखपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात पिता-पुत्र की भी मौत हो गई। इस पूरे घटनाक्रम में 3 लोगों की जान चली गई।
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस पर देर से पहुंचने का आरोप है। थाना अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव है।
Patna Crime: छात्रा रोने लगी तो साइबर जालसाज ने रकम लौटाने का झांसा दे फिर उड़ा लिए 50 हजार
शेखपुरा: अधेड़ की सीने में गोली मारकर हत्या, बचाने गए भाइयों को भी किया घायल, आरोपी फरार