बिहार में गन्ने की खेती से बदलेगी किसानों की तकदीर, शिवहर में 4327 एकड़ में खेती का लक्ष्य
शिवहर में गन्ने की खेती का दायरा बढ़ रहा है, गन्ना उद्योग विभाग ने 4327 एकड़ में खेती का लक्ष्य तय किया है। रीगा चीनी मिल के अधिग्रहण के बाद किसानों में उम्मीद जगी है, जिससे गन्ने का उत्पादन 1.23 लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद है।

शिवहर में खेत में लगी गन्ने की फसल। जागरण।
नीरज, शिवहर। अब एक बार फिर शिवहर के किसानों की जिंदगी में गन्ने की मिठास आएगी। वहीं किसानों की खेई हुई मुस्कान लौटती दिख रही है। गन्ने की खेती का दायरा भी बढ़ता दिख रहा है।
इस बीच गन्ना उद्योग विभाग में शिवहर एक हजार 751 हेक्टेयर यानि चार हजार 327 एकड़ में गन्ने की खेती का लक्ष्य तय किया है। इसके तहत जिले में एक लाख 23 हजार 549 टन गन्ना उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए गन्ना उद्योग विभाग व रीगा चीनी मिल की ओर से जारी पहल के बाद शिवहर जिले में गन्ने की खेती का दायरा बढ़ने लगा है। वर्ष 2020 में रीगा चीनी मिल के बंद होने के बाद शिवहर में गन्ने की खेती का रकवा लगातार कम हो रहा था।
किसान खेत से खूंटी तक हटा चुके थे। लेकिन वर्ष 2023 में निरानी शुर्गस द्वारा चीनी मिल का अधिग्रहण करने के बाद दोबारा किसानों में उम्मीद जगी। किसानों ने चीनी मिल की पहल पर फिर से गन्ने की खेती शुरू की।
धीरे-धीरे गन्ने की खेती का दायरा बढ़ता गया। वर्ष 2015 तक जिले में शिवहर जिले में लगभग आठ हजार एकड़ में गन्ने की खेती होती थी। जो वर्ष 2020 में घटकर चार हजार हो गई। वर्ष 2021 में यह तीन हजार एकड़ रह गई थी।
बताते चलें कि शिवहर में चीनी मिल नहीं है। यहां के किसान अपना गन्ना सीतामढ़ी के रीगा चीनी मिल को बेचते रहे है। शिवहर की जमीन गन्ने की खेती के लिए मुफीद है। यही वजह हैं कि गन्ना उद्योग विभाग ने शिवहर में एक हजार, 751 हेक्टेयर में गन्ने की खेती का लक्ष्य तय किया है।
गन्ना उद्याेग विभाग के अनुसार उत्तर बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले में सर्वाधिक 166090 हेक्टेयर में 10855348 टन गन्न उत्पादन का लक्ष्य तय किया है।
वहीं पूर्वी चंपारण में 26693 हेक्टेयर में 1860772 टन, मुजफ्फरपुर में 4670 हेक्टेयर में 344820 टन, सीतामढ़ी में 5552 हेक्टेयर में 408460 टन, मधुबनी में 2000 हेक्टेयर में 152552 टन, दरभंगा में 2000 हेक्टेयर में 130365 टन व समस्तीपुर में 10105 हेक्टेयर में 727754 टन गन्ने का उत्पादन करने का लक्ष्य तय किया है।
पिपराही के गन्ना किसान देवेंद्र सिंह, रमेश सिंह व दीपलाल साह बताते हैं कि इस इलाके के लिए गन्ना ही एक मात्र नकदी फसल है। रीगा चीनी मिल बंद होने की वजह से किसानों को काफी परेशानी हुई।
वर्ष 2023 में रीगा चवीनी मिल शुरू होने के बाद से शिवहर में लगातार गन्ने की खेती का रकवा बढ़ रहा है। चीनी मिल द्वारा समय-समय पर किसानों को जानकारी दी जा रही है। उत्तम कोटि के बीज भी दिए जा रहे है। चीनी मिल व सरकार का सहयोग मिला तो शिवहर में गन्ने की खेती का दायरा बढ़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।