विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण : मैट्रिक की मान्यता पर फंसा आठ आंगनबाड़ी सेविकाओं का चयन, रद करने की अनुशंसा

Published: Sun, 29 Nov 2026 04:38 PM (IST)

बगहा-दो प्रखंड की आठ आंगनबाड़ी सेविकाओं का चयन 'विद्या विनोदिनी' योग्यता की अमान्यता के कारण रद्द हो सकता है। सीडीपीओ ने 1987 के बाद की योग्यता के आधार पर हुए नियोजन को समाप्त करने का प्रस्ताव डीपीओ को भेजा है।

विद्या विनोदिनी योग्यता पर बगहा दो की आठ आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन पर संकट।

विद्या विनोदिनी योग्यता पर बगहा दो की आठ आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन पर संकट।

HighLights

  1. आठ आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन पर कार्रवाई की तलवार।

  2. 'विद्या विनोदिनी' योग्यता 31 दिसंबर 1987 तक ही मान्य थी।

  3. सीडीपीओ ने नियोजन रद्द करने का प्रस्ताव डीपीओ को भेजा।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। बगहा-दो प्रखंड की आठ आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। इनके नियोजन को रद करने के लिए सीडीपीओ संगीता कुमारी ने आइसीडीसीएस की डीपीओ कविता रानी को प्रस्ताव भेजा है।

सीडीपीओ के प्रतिवेदन के अनुसार, सहयोग पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद कार्यालयी अभिलेखों और पूर्व के विभागीय व न्यायिक आदेशों की समीक्षा की गई।

जांच में पाया गया कि सभी आठ सेविकाओं ने शैक्षणिक योग्यता के रूप में प्रयाग महिला विद्यापीठ की ‘विद्या विनोदिनी’ के प्रमाण-पत्र या अंक-पत्र प्रस्तुत किए थे।

इसी योग्यता के आधार पर उनका चयन हुआ था। प्रतिवेदन में कहा गया है कि राज्य सरकार की निर्धारित समय-सीमा और पूर्व के आदेशों के अनुसार उनकी चयनमुक्ति की स्थिति बनती है।

31 दिसंबर 1987 तक ही मान्य थी समकक्षता

सीडीपीओ के अनुसार प्रयाग महिला विद्यापीठ की ‘विद्या विनोदिनी’ योग्यता को मैट्रिक (10वीं) के समकक्ष मान्यता केवल 31 दिसंबर 1987 तक थी। इसके बाद प्राप्त योग्यता की समकक्षता को लेकर विभागीय निर्देशों के अनुसार स्थिति स्पष्ट है। कार्यालयी पत्र में इस संबंध में पुराने आदेशों और शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव के पत्रों का भी हवाला दिया गया है।

हाईकोर्ट के आदेश का भी उल्लेख

प्रतिवेदन में पटना उच्च न्यायालय के सीडब्लूजेसी संख्या 5970/2010 का संदर्भ दिया गया है। पत्र के अनुसार, इसी वाद से जुड़े संदर्भ में पहले भी इस परियोजना की एक सेविका के विरुद्ध संबंधित योग्यता के आधार पर चयनमुक्ति की कार्रवाई की गई थी। इन्हीं तथ्यों और आदेशों के आधार पर आठ सेविकाओं के चयनमुक्ति की अनुशंसा आगे की कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

info

 

आंगनबाड़ी सेविकाओं के केंद्र, पंचायत, उत्तीर्ण वर्ष और चयन वर्ष का विवरण देने वाला एक इन्फोग्राफिक।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।