विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिवहर में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा जख्मी, चालक गिरफ्तार

Published: Mon, 09 Nov 2026 12:04 PM (GMT+05:30)

Sheohar Road Accident: शिवहर में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा ...और पढ़ें

शिवहर में प्रदर्शन में शामिल लोग और समझाते एसडीओ डॉ.अनंत कुमार। फोटो: जागरण

शिवहर में प्रदर्शन में शामिल लोग और समझाते एसडीओ डॉ.अनंत कुमार। फोटो: जागरण

संवाद सहयोगी, डुमरी कटसरी (शिवहर)। Sheohar Madhuban Highway: जिले में सोमवार की सुबह ट्रक और बाइक की सीधी टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जख्मी हो गया।

हादसा शिवहर-मधुबन हाइवे के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र अंतर्गत भोरहा मेला गाछी के पास हुआ। मृतक की पहचान श्यामपुर धुनिया टोला वार्ड संख्या छह निवासी मो. जलालुद्दीन के पुत्र आर्यन मोहम्मद उर्फ गोलू (23) के रूप में हुई है, जबकि जख्मी युवक की पहचान श्यामपुर निवासी मो. रफीक के पुत्र मो. तुफानी (24) के रूप में की गई है।

ट्रक की बाइक से टक्कर

बताया गया है कि आर्यन मोहम्मद बाइक चला रहा था और मो. तुफानी पीछे बैठा था। दोनों शिवहर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान भोरहा मेला गाछी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि आर्यन मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मो. तुफानी जख्मी हो गया। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। जख्मी मो. तुफानी का शिवहर सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

भाग रहा चालक पकड़ाया

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया।

दो घंटे तक हाइवे जाम

घटना से नाराज लोगों ने भोरहा मेला गाछी के पास हाइवे जाम कर दिया। कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया।

सूचना मिलने पर एसडीओ डॉ. अनंत कुमार, डीएसपी साइबर ईशानी सिन्हा, डुमरी कटसरी बीडीओ अरुण कुमार सिंह और श्यामपुर भटहां थानाध्यक्ष राधेश्याम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

एसडीओ डॉ. अनंत कुमार ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। उन्होंने हरसंभव विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए। जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ें- मधुबनी के फुलपरास में दो अलग अलग सड़क हादसों में गई दो युवकों की जान, परिवार में कोहराम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।