शिवहर में 2 दिन से लापता युवती की हत्या, गांव के ही पोखर से बरामद हुआ शव
शिवहर के पुरनहिया थाना क्षेत्र के हथिसार गांव में एक युवती की हत्या कर शव पोखर में फेंक दिया गया।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
पुरनहिया के हथिसार गांव में युवती की हत्या।
शव गांव के पोखर से बरामद, मचा हड़कंप।
प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सहयोगी, शिवहर/पुरनहिया। पुरनहिया थाना क्षेत्र के हथिसार गांव में युवती की हत्या कर शव को गांव के ही पोखर में फेंक दिया गया। रविवार की शाम पोखर से युवती का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई।
सूचना के बाद थानाध्यक्ष प्रेमजीत सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। शव की पहचान गांव के ही झमन साह की पुत्री रागिनी कुमारी (18) के रूप में की गई।
पुलिस ने स्वजन सहित ग्रामीणों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका के पिता के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तत्काल, घटना की वजहें साफ नहीं हो सकी हैं। प्रेम प्रसंग में हत्या कर शव फेंके जाने की चर्चा है। थानाध्यक्ष ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होने की बात कही है।
स्वजनों के अनुसार, युवती दो दिनों से अपने घर से लापता थी। पिता ने पुरनहिया थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस युवती का पता लगाने में जुटी थी। इसी बीच रविवार की शाम हथियार वार्ड सात स्थित राजीव कुमार नामक व्यक्ति के निजी पोखर से उसका शव बरामद किया गया है।
एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया है कि मामला हत्या का है। इस संबंध में पुरनहिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
