जीविका को मिलेगा 10 हजार ब्याजमुक्त ऋण, शिवहर में रुपये की कमी से नहीं रुकेंगे शौचालय निर्माण
Sheohar Jeevika Interest Free Loan: शिवहर में जीविका से जुड़े जरूरतमंद परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए 10,000 रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण मिलेगा। डीडीसी संजय कुमार ने यह निर्देश दिया है।

डीडीसी संजय कुमार ने जीविका के समन्वय से प्रावधानों के तहत यह सहायता देने का निर्देश दिया है।
HighLights
जीविका सदस्यों को शौचालय हेतु ब्याजमुक्त ऋण मिलेगा।
डीडीसी ने आर्थिक बाधा दूर करने का निर्देश दिया।
स्वच्छता अभियान में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
संवाद सहयोगी, शिवहर। Toilet Construction Sheohar Administration: शिवहर में राशि के अभाव में शौचालय नहीं बनवा पा रहे जीविका से जुड़े जरूरतमंद परिवारों को दस हजार रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
डीडीसी संजय कुमार ने जीविका के समन्वय से प्रावधानों के तहत यह सहायता देने का निर्देश दिया है, जिससे निर्माण कार्य में आ रही आर्थिक बाधा दूर हो सकेगी।
समाहरणालय में आयोजित स्वच्छता कार्यों की समीक्षा बैठक में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की प्रगति पर चर्चा की गई।
अभियान और लक्ष्य पर जोर
बैठक में विश्व शौचालय दिवस पर 19 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 तक चलने वाले स्वच्छ शौचालय गरिमामय भविष्य अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
डीडीसी ने शौचालय निर्माण, मरम्मत, नियमित उपयोग और रखरखाव को प्राथमिकता देने तथा शौचालयविहीन परिवारों की पहचान कर काम में तेजी लाने को कहा।
प्रखंड समन्वयकों को ऐसे परिवारों को निर्माण व उपयोग के लिए प्रेरित करने और महादलित टोलों में सामुदायिक उत्प्रेरण व व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से पात्र परिवारों को जोड़ने के निर्देश दिए गए।
संस्थानों व मरम्मत के निर्देश
आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, ग्राम पंचायत भवनों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के शौचालयों को चालू हालत में रखने तथा महिलाओं, बालिकाओं और दिव्यांगजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
अनुपयोगी शौचालयों की मरम्मत के साथ एकल गड्ढा और सेप्टिक टैंक वाले शौचालयों में तकनीकी सुधार व रेट्रोफिटिंग करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को लंबित स्वच्छता सेवा आकलन का काम 30 नवंबर तक पूरा करने को कहा गया है।