शिवहर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी डकैत सरगना नगीना सिंह गिरफ्तार
Inter District Dacoity Gang: पुलिस ने शिवहर में अंतरजिला डकैती गिरोह के मुख्य सरगना और 25 हजार के इनामी नगीना ...और पढ़ें

शिवहर में मीडिया को जानकारी देते एसपी शैलेंद्र सिंह, साथ में नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा। जागरण
संवाद सहयोगी, शिवहर। Sheohar Dacoity Gang Leader: पुलिस ने फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने अंतरजिला डकैती गिरोह के मुख्य सरगना और 25 हजार रुपये के इनामी 65 वर्षीय नगीना सिंह को गिरफ्तार किया है। पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र के सेखौना गांव निवासी नगीना सिंह लंबे समय से फरार चल रहा था।
संयुक्त टीम ने की छापेमारी
एसपी शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर शिवहर नगर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नगीना सिंह को गिरफ्तार किया।
उसके विरुद्ध शिवहर जिले के शिवहर और पिपराही थाना के अलावा पूर्वी चंपारण के पताही थाना में डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट के कई संगीन मामले दर्ज हैं।
इनमें शिवहर नगर थाना के दो और पिपराही थाना के चार मामले शामिल हैं, जबकि पताही थाना में भी एक मामला दर्ज है।
दशकों से फरार था नगीना
पुलिस के अनुसार, वर्ष 1983 से 1988 तक नगीना सिंह इलाके में आतंक का पर्याय बना हुआ था। वह करीब 35 वर्षों से फरार चल रहा था और लंबे समय से पुलिस से बचते हुए डकैती गिरोह का संचालन कर रहा था। पुलिस का कहना है कि वह अपने शागिर्दों के जरिए डकैती की वारदात को अंजाम दिलाता था।
डकैती कांड में सामने आया नाम
नगीना सिंह पर शिवहर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आठ मई 2025 को नगर थाना क्षेत्र के सुगिया कटसरी गांव में हुई डकैती के अनुसंधान के दौरान उसका नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी थी।
एसपी ने दी गिरफ्तारी की जानकारी
एसपी शैलेंद्र सिंह ने शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगीना सिंह डकैती गिरोह का सरगना है और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
आपराधिक नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
एसपी ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध शिवहर, पिपराही और पूर्वी चंपारण के पताही थाना समेत विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें डकैती और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मामले शामिल हैं।
पुलिस उसके आपराधिक इतिहास, अन्य मामलों और संभावित नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। प्रेसवार्ता के दौरान शिवहर नगर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर सुनील कुमार झा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- शिवहर में बड़ी वारदात की फिराक में था अविनाश! पुलिस को देखते ही भागा, तलाशी में मिली पिस्टल
