यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हाइवे मर्डर केस : आपसी रंजिश में अर्द्ध विक्षिप्त से कराई गई हत्या, चार गिरफ्तार
शिवहर-सीतामढ़ी हाइवे पर हुई अरविंद ठाकुर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ...और पढ़ें

HighLights
- अर्द्ध विक्षिप्त की निशानदेही पर अन्य की तलाश में छापामारी जारी
- पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी किया बरामद
जागरण संवाददाता, शिवहर। शिवहर-सीतामढ़ी हाइवे के डुब्बाघाट और कोला पुल के बीच शुक्रवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों द्वारा चाकू गोदकर अरविंद ठाकुर नामक युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है।
मृतक के गांव के लोगों ने आपसी विवाद में हत्या की साजिश रची। वहीं हत्या के लिए एक अर्द्ध विक्षिप्त का सहारा लिया गया।
एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में पिपराही थाने की पुलिस ने सीतामढ़ी जिले परसौनी थाना क्षेत्र के राजा परसौनी में छापामारी कर स्थानीय निवासी मो. तौसिफ को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात में शामिल लोगों के नाम भी बताए गए
- मो. तौसिफ अर्द्ध विक्षिप्त बताया गया है। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। मो. तौसिफ ने जहां हत्या की बात कबूली है। वहीं, वारदात में शामिल लोगों के नाम भी बताए है।
- इसके आधार पर तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। जिनसे पूछताछ जारी है। एसपी शैलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की तहकीकात जारी है।
- चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है। एसपी के अनुसार घटना का कारण आपसी विवाद है।
विरोध जताने पर किया था हमला
बताते चलें कि शुक्रवार को शिवहर-सीतामढ़ी हाइवे के डुब्बाघाट व कोला पुल के बीच बदमाशों ने जहां बच्चों के सामने ही अरविंद ठाकुर की चाकू गोदकर हत्या कर दी थी।
वहीं विरोध जताने पर पत्नी रीमा कुमारी को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। रीमा कुमारी (22) को गंभीर स्थिति में एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया था।
वारदात को एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उस वक्त अंजाम दिया, जब अरविंद ठाकुर पत्नी व बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर रीगा थाना क्षेत्र के रामनगरा गांव से होली मनाने शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के राजाडीह गांव स्थित अपने ससुराल जा रहा था।
इसी बीच पहले से घात लगाए बदमाशों ने बाइक रोककर चाकू से युवक पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए। बीच-बचाव करने पर उसकी पत्नी को भी चाकू गोदकर जख्मी कर दिया। पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पिपराही थाने की पुलिस, टाइगर मोबाइल व क्यूआरटी की टीमें मौके पर पहुंची थी और घायल रीमा देवी को इलाज के लिए सरोजा सीताराम सदर अस्पताल शिवहर में भर्ती कराया था।
जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने एसकेएमसीएच रेफर कर दिया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा स्वजन को शव सौंप दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू की। जिसमें यह सफलता मिली है।
यह भी पढ़ें-
