सर्दियों में सफर करने से पहले देख लें ये लिस्ट! लिच्छवी, जनसेवा और अवध असम समेत कई ट्रेनें रद
सर्दियों में घने कोहरे और धुंध की आशंका के चलते रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। लिच्छवी, जनसेवा, हरिहर और अवध असम एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें रद्द या आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी।

लिच्छवी, जनसेवा और अवध असम समेत कई ट्रेनें रद (सौ. जागरण)
HighLights
घने कोहरे के कारण कई ट्रेनों का परिचालन रद्द।
लिच्छवी, जनसेवा, अवध असम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें प्रभावित होंगी।
यात्रियों को यात्रा से पहले स्थिति जांचने की सलाह।
संवाद सूत्र, दिघवारा (सारण)। सर्दियों में घने कोहरे और धुंध की आशंका को देखते हुए रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। लिच्छवी एक्सप्रेस का परिचालन आगामी 17 दिसंबर से अगले आदेश तक निरस्त रहेगा।
वहीं, अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट जनसेवा एक्सप्रेस और अंबाला छावनी-बरौनी हरिहर एक्सप्रेस का संचालन करीब तीन महीने तक बंद रहेगा। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनों के साप्ताहिक फेरों में भी कटौती की गई है। रेलवे के इस निर्णय से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।
एक दिसंबर से 27 फरवरी 2027 तक निरस्त
रेलवे के अनुसार, बरौनी-अंबाला छावनी हरिहर एक्सप्रेस (14523) तीन दिसंबर से एक मार्च 2027 तक तथा अंबाला छावनी-बरौनी हरिहर एक्सप्रेस (14524) एक दिसंबर से 27 फरवरी 2027 तक निरस्त रहेगी।
इसी तरह पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस (14617) तीन दिसंबर से दो मार्च 2027 तक और अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट जनसेवा एक्सप्रेस (14618) एक दिसंबर से 28 फरवरी 2027 तक नहीं चलेगी।
कई ट्रेनों के साप्ताहिक फेरों में कटौती
रेलवे ने ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस के परिचालन में भी बदलाव किया है। ट्रेन संख्या 11123 सोमवार और गुरुवार को निरस्त रहेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 11124 बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस मंगलवार और शुक्रवार को नहीं चलेगी।
लंबी दूरी की महत्वपूर्ण अवध असम एक्सप्रेस के परिचालन पर भी असर पड़ेगा। ट्रेन संख्या 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस शनिवार को तथा ट्रेन संख्या 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस मंगलवार को निरस्त रहेगी।
हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस के 13 फेरे कम
हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस (13019) के कुल 13 फेरे कम किए गए हैं। यह ट्रेन दिसंबर से फरवरी तक प्रत्येक रविवार को निरस्त रहेगी। वहीं, काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस (13020) मंगलवार को नहीं चलेगी।
रेलवे के अनुसार, सर्दियों में कम दृश्यता के कारण ट्रेनों के सुरक्षित और समयबद्ध परिचालन में कठिनाई होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवन एप, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 से ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। परिचालन में बदलाव के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना और वैकल्पिक साधनों की व्यवस्था पहले से करनी पड़ सकती है।