विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा में राजधानी को प्राथमिकता, शटल की लेटलतीफी पर 2001 में भड़के थे रेलकर्मी; सभी कोचों का काट दिया था वैक्यूम

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:38 PM (IST)

आरा-पटना शटल ट्रेन की लेटलतीफी और राजधानी एक्सप्रेस को प्राथमिकता देने के विरोध में 2001 में रेलकर्मियों ने वैक्यूम काटकर विरोध प्रदर्शन किया था। अब 25 साल बाद फिर से ट्रेन के विलंब से परिचालन को लेकर यात्रियों और कर्मचारियों द्वारा समयबद्धता सुनिश्चित करने की मांग उठ रही है।

राजधानी एक्सप्रेस को प्राथमिकता देने से बिगड़ता था शटल का समय

राजधानी एक्सप्रेस को प्राथमिकता देने से बिगड़ता था शटल का समय

HighLights

  1. 2001 में रेलकर्मियों ने शटल की लेटलतीफी पर किया था विरोध प्रदर्शन।

  2. राजधानी एक्सप्रेस को प्राथमिकता देने से शटल ट्रेन विलंब होती थी।

  3. अब 25 साल बाद फिर समयबद्ध परिचालन की मांग जोर पकड़ रही है।

जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। आरा-पटना रेलखंड पर शटल ट्रेन की लेटलतीफी और समयबद्ध परिचालन का मुद्दा नया नहीं है। करीब 25 साल पहले भी शटल ट्रेन को रास्ते में रोककर राजधानी और एक्सप्रेस ट्रेनों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था से रेलकर्मी और अधिकारी परेशान थे। लगातार हो रही देरी से नाराज रेलकर्मियों ने वर्ष 2001 में ऐसा विरोध जताया था, जिसकी चर्चा आज भी रेलवे के पुराने घटनाक्रम में होती है।

कर्मचारियों और अधिकारियों ने शटल ट्रेन के सभी कोचों का वैक्यूम काट दिया था और ट्रेन से उतरकर सीधे दानापुर रेल मंडल के डीआरएम कार्यालय पहुंच गए थे। वहां उन्होंने अपनी समस्या और मांगों को अधिकारियों के सामने रखा था।

राजधानी एक्सप्रेस को प्राथमिकता देने से बिगड़ता था शटल का समय

दरअसल, पटना राजधानी एक्सप्रेस का परिचालन एक सितंबर 1997 को शुरू हुआ था। वर्ष 1996 के रेल बजट में तत्कालीन रेल मंत्री स्व. रामविलास पासवान ने पटना के लिए राजधानी एक्सप्रेस शुरू करने की पहल की थी।

राजधानी एक्सप्रेस को रेलवे की प्राथमिकता में रखा गया था। इसके कारण कई बार दूसरी ट्रेनों को रास्ते में रोककर राजधानी को आगे निकाला जाता था। वर्ष 2000 और 2001 के दौरान बक्सर से फतुहा की ओर जाने वाली शटल ट्रेन को भी आरा जंक्शन से गुजरने के दौरान राजधानी और अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए रोक दिया जाता था।

शटल की देरी से रेलकर्मियों को होती थी परेशानी

शटल ट्रेन से बड़ी संख्या में रेलकर्मी और अधिकारी पटना स्थित अपने कार्यालयों में ड्यूटी करने जाते थे। ट्रेन के रास्ते में रुकने और विलंब से पहुंचने के कारण उन्हें कार्यालय पहुंचने में देर होती थी।

रोजाना की इस परेशानी से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। आखिरकार वर्ष 2001 में कर्मचारियों और अधिकारियों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराने का फैसला किया।

सुबह 11 बजे वैक्यूम काटकर पहुंच गए डीआरएम कार्यालय

एक दिन शटल ट्रेन के परिचालन में लगातार हो रही देरी से नाराज कर्मचारियों और अधिकारियों ने सामूहिक विरोध जताया। ट्रेन के सभी कोचों का वैक्यूम काट दिया गया। इसके बाद कर्मचारी-अधिकारी ट्रेन से उतरकर दानापुर रेल मंडल के डीआरएम कार्यालय पहुंच गए।

उस समय करीब 11 बजे थे। वहां उन्होंने अधिकारियों के समक्ष अपनी परेशानी रखते हुए मांग की कि आरा जंक्शन से खुलने के बाद शटल ट्रेन को राजधानी और एक्सप्रेस ट्रेनों को आगे निकालने के लिए अनावश्यक रूप से नहीं रोका जाए।

रेल मंत्री तक पहुंची थी शिकायत, बनी थी नई व्यवस्था

इस मामले की शिकायत तत्कालीन रेल मंत्री स्व. रामविलास पासवान तक भी पहुंचाई गई थी। इसके बाद दानापुर रेल मंडल की ओर से शटल ट्रेन के परिचालन को लेकर व्यवस्था बनाई गई।

निर्णय हुआ कि आरा जंक्शन से खुलने के बाद शटल को राजधानी या एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए अनावश्यक रूप से रोककर उसकी गति और समयबद्धता प्रभावित नहीं की जाएगी। इस फैसले से उस समय रेलकर्मियों और अधिकारियों को राहत मिली थी।

25 साल बाद फिर उठ रही समयबद्ध परिचालन की मांग

करीब ढाई दशक बाद एक बार फिर आरा-पटना शटल ट्रेन की लेटलतीफी का मुद्दा जोर पकड़ने लगा है। सुबह और दिन के समय पटना जाने वाले दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रेलकर्मियों को ट्रेन के विलंब से परेशानी हो रही है।

समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाने से उनकी दिनचर्या और जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। यात्रियों ने इस समस्या को रेल मंत्री से लेकर आरा सांसद तक पहुंचाया है।

पुराने निर्णय की समीक्षा कर परिचालन सुधारने की मांग

दैनिक यात्रियों की मांग है कि रेलवे वर्ष 2001 में बनाई गई व्यवस्था की समीक्षा करे और आरा से खुलने के बाद शटल ट्रेन को अनावश्यक रूप से रोकने से बचाया जाए। यात्रियों का कहना है कि शटल का समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित होने से आरा और आसपास के क्षेत्रों से पटना आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।