विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीमा के प्रहरी बने संगीत के सरताज, सोनपुर मेले में बैगपाइपर की धुन पर झूमे दर्शक

Published: Sun, 22 Nov 2026 09:45 PM (IST)

सोनपुर मेले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के बैगपाइपर बैंड ने देशभक्ति संगीत से समां बांध दिया, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। 

बैगपाइपर बैंड के साथ सीमा के जवान। फोटो जागरण

 बैगपाइपर बैंड के साथ सीमा के जवान। फोटो जागरण

HighLights

  1. एसएसबी बैगपाइपर बैंड ने सोनपुर मेले में शानदार प्रस्तुति दी।

  2. जवानों ने देशभक्ति संगीत से मेले में नया उत्साह भरा।

  3. सोनपुर मेले का भव्य उद्घाटन हुआ, उत्सव का माहौल छाया।

संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में रविवार की शाम सीमा के प्रहरियों ने संगीत का ऐसा जादू बिखेरा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

सरहद की निगहबानी करने वाले सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने हथियारों की जगह संगीत के साज थामे।

उद्घाटन समारोह के बाद एसएसबी के पटना सीमांत मुख्यालय की बैगपाइपर बैंड ने अपनी शानदार प्रस्तुति से मेला परिसर में समां बांध दिया।

जवानों ने बांधा समां

हेड कांस्टेबल अनुज कुमार के नेतृत्व में बैंड के जवानों ने बैगपाइपर की मधुर और जोशीली धुनें प्रस्तुत कीं। देशभक्ति से ओतप्रोत संगीत ने मेले के माहौल में नया उत्साह भर दिया।

जवानों का अनुशासित प्रदर्शन और वाद्ययंत्रों के बीच शानदार तालमेल दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा। प्रस्तुति के दौरान लोगों ने तालियां बजाकर जवानों का उत्साह बढ़ाया।

सीमा पर मुस्तैदी और अनुशासन की मिसाल पेश करने वाले जवानों ने सोनपुर मेले में अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का भी परिचय दिया।

उनकी प्रस्तुति ने साबित किया कि देश की रक्षा में समर्पित जवानों के भीतर संगीत और कला के प्रति भी गहरा लगाव है। इस संगीतमय शाम ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया।

सोनपुर मेले में छाई उत्सव की रंगीनियां

विश्वविख्यात हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का रविवार की शाम भव्य उद्घाटन होते ही पूरे परिसर में उत्सव का माहौल छा गया। शाम ढलते ही रंग-बिरंगी रोशनी से मेला जगमगा उठा।

उद्घाटन के बाद लोगों की भीड़ उमड़ी और हरिहर क्षेत्र लोक उत्सव के रंग में सराबोर हो गया। झूलों से बच्चों की किलकारियां गूंजती रहीं, जबकि दुकानदारों की आवाज और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का ध्यान खींचा। मेले के बाजारों में देर शाम तक लोगों की आवाजाही बनी रही।

खिलौनों, घरेलू उपयोग की वस्तुओं, सजावटी सामान और खान-पान के स्टालों पर भीड़ जुटी। परिवारों के साथ आए लोग खरीदारी और मनोरंजन का आनंद लेते दिखे।

आकर्षक झूले बच्चों और युवाओं के पसंदीदा रहे। दुकानों की सजावट और रोशनी ने शाम के नजारे को खास बना दिया।

आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज में विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाकृतियां, खादी के वस्त्र तथा मिट्टी और लकड़ी से बने उत्पाद लोगों को लुभाते रहे। स्थानीय कलाकारों की रचनाओं ने भी ध्यान खींचा।

कला प्रेमी स्टालों पर हस्तनिर्मित वस्तुओं की बारीकियां देखते और कारीगरों से उनके निर्माण की जानकारी लेते नजर आए। कई लोगों ने पारंपरिक उत्पाद खरीदे।

अभी तो आगाज है

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला व्यापार और खरीदारी के साथ बिहार की लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है।

यहां ग्रामीण जीवन की झलक और आधुनिक मनोरंजन, दोनों लोगों को आकर्षित करते हैं। उद्घाटन के साथ मेले की चहल-पहल बढ़ी है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और मेलाप्रेमियों की बढ़ती भीड़ के साथ इसकी रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में खादी ग्रामोद्योग की प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान, चरखे की गूंज से आकर्षित हो रहे पर्यटक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।