विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मेले में खादी ग्रामोद्योग की प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान, चरखे की गूंज से आकर्षित हो रहे पर्यटक

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:28 PM (IST)

सोनपुर मेले के क्राफ्ट ग्राम में खादी और ग्रामोद्योग की जीवंत प्रदर्शनी आगंतुकों का मुख्य आकर्षण बनी हुई है। यह प्रदर्शनी नई पीढ़ी को खादी से जोड़ने और ग्रामीण कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाई गई है।

क्राफ्ट ग्राम में खादी और ग्रामोद्योग का स्टाल। जागरण

क्राफ्ट ग्राम में खादी और ग्रामोद्योग का स्टाल। जागरण

HighLights

  1. सोनपुर मेले में खादी ग्रामोद्योग की जीवंत प्रदर्शनी।

  2. कारीगर चरखे पर सूत कातते हुए प्रदर्शन कर रहे।

  3. नई पीढ़ी को खादी से जोड़ने का मुख्य उद्देश्य।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के क्राफ्ट ग्राम में इस बार खादी और ग्रामोद्योग की जीवंत प्रदर्शनी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

फूस की झोपड़ियों और सजे-धजे स्टॉलों के बीच चरखे, तकली और सूत कातने वाली मशीनों पर हो रहे प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग रुक रहे हैं।

यहां कारीगरों को अपने हाथों से सूत कातते और खादी निर्माण की प्रक्रिया का प्रदर्शन करते देखना लोगों के लिए खास अनुभव बन रहा है।

क्राफ्ट ग्राम में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग तथा खादी बोर्ड, पटना से प्रमाणित संस्थाओं ने अपने स्टॉल लगाए हैं। इनमें महुआ, वैशाली की खादी ग्रामोद्योग विकास संस्थान और हाजीपुर, वैशाली की तिसीऔता ग्रामोदय सहयोग समिति लिमिटेड प्रमुख हैं।

दोनों संस्थाओं की ओर से सूत कातने और खादी वस्त्र निर्माण की जीवंत प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी स्थल पर लाल कालीन पर कताई की मशीनें रखी गई हैं। उन पर सफेद सूत के बड़े-बड़े गोले यानी बाबिन लगे हैं।

कारीगरों के हाथों से धागा निकलते देख दर्शक उत्सुकता से पूरी प्रक्रिया को निहारते हैं। यहां आने वाले लोग कताई-बुनाई की बारीकियां समझने के साथ खादी के महत्व और स्वदेशी वस्त्रों की विशेषताओं की जानकारी भी ले रहे हैं।

नई पीढ़ी को खादी से जोड़ने की पहल

आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को खादी से जोड़ना और ग्रामीण कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराना है। खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि गांधी जी के स्वावलंबन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की पहचान है।

इस जीवंत प्रदर्शन के माध्यम से लोग समझ पा रहे हैं कि साधारण धागे से किस तरह सुंदर और टिकाऊ कपड़ा तैयार किया जाता है।

क्राफ्ट ग्राम घूमने आए पर्यटकों का कहना है कि मशीनों पर सूत की कताई और खादी उत्पादों को तैयार होते देखना अपने आप में अनूठा अनुभव है। बच्चे हों या बुजुर्ग, सभी इस प्रदर्शनी में रुचि ले रहे हैं।

खादी के स्टॉलों पर वस्त्रों, चादरों और अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीदारी भी हो रही है। मेले में खादी की यह जीवंत प्रस्तुति परंपरागत शिल्प की प्रासंगिकता को सामने ला रही है। आधुनिक दौर में भी खादी और ग्रामीण कारीगरी के प्रति लोगों की रुचि बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- बिहार में औद्योगिक निवेश को नई गति: 73 औद्योगिक इकाइयों के लिए लगभग 100 एकड़ भूमि आवंटन की स्वीकृति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।