सोनपुर मेले का अनसुना इतिहास: सिर्फ पशुओं की खरीद-बिक्री ही नहीं, 1908 में यहीं पड़ी थी बिहार कांग्रेस की नींव
सोनपुर मेला सिर्फ पशुओं के व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राजनीतिक जागरण का भी महत्वपूर्ण स्थल रहा है। वर्ष 1908 में यहीं पर बिहार प्रांतीय कांग्रेस की स्थापना हुई थी, जिसमें मौलाना मजहरुल हक जैसे नेताओं ने भाग लिया था।

सोनपुर मेले का अनसुना इतिहास (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
सोनपुर मेला ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम का साक्षी।
1908 में यहीं बिहार प्रांतीय कांग्रेस की नींव रखी गई।
मौलाना मजहरुल हक जैसे नेताओं ने राजनीतिक चेतना जगाई।
अमृतेश, छपरा। इतिहास केवल आंदोलनों और संघर्षों से नहीं बनता, बल्कि उन स्थलों से भी आकार लेता है, जहां समाज की चेतना बदलती है। हरिहर क्षेत्र सोनपुर का मेला ऐसी ही ऐतिहासिक विरासत समेटे हुए है।
हाथियों की चिंघाड़, घोड़ों की टाप और लोक संस्कृति की गूंज के बीच इस मेले की धरती पर आजादी की लड़ाई का एक महत्वपूर्ण अध्याय भी लिखा गया।
वर्ष 1908 में इसी मेले के दौरान बिहार प्रांतीय कांग्रेस की स्थापना हुई थी। मौलाना मजहरुल हक समेत कई नेताओं की भागीदारी ने इसे राजनीतिक जागरण का मंच बनाया। इस तरह सोनपुर मेला आस्था, व्यापार और संस्कृति के साथ स्वतंत्रता आंदोलन की चेतना का भी साक्षी बना।
मेले में पड़ी राजनीतिक जागरण की नींव
सारण गजेटियर के 1972-73 के विवरण के अनुसार, वर्ष 1908 में हरिहर क्षेत्र मेले में बिहार प्रांतीय कांग्रेस की स्थापना हुई थी। सरफराज हुसैन खां बहादुर की अध्यक्षता में संगठन ने काम शुरू किया। मौलाना मजहरुल हक भी इस आयोजन में शामिल थे। उस दौर में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध देशभर में राजनीतिक चेतना फैल रही थी।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना के बाद स्वतंत्रता की मांग संगठित रूप लेने लगी थी। ऐसे समय में सोनपुर मेले का राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनना इसके ऐतिहासिक महत्व को दर्शाता है।
कांग्रेस आंदोलन में मौलाना मजहरुल हक की भूमिका
बिहार में कांग्रेस की गतिविधियों को विस्तार देने में मौलाना मजहरुल हक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वर्ष 1912 में बिहार में आयोजित कांग्रेस अधिवेशन की स्वागत समिति के अध्यक्ष वे थे। वर्ष 1919 में गोलमेज सम्मेलन में भाग लेने के लिए भेजे गए भारतीय प्रतिनिधिमंडल में भी वे शामिल थे। होमरूल आंदोलन के दौरान भी बिहार में राजनीतिक जागरूकता का विस्तार हुआ।
प्रशासनिक इतिहास से भी जुड़ा है सारण
वर्ष 1834 में मिस्टर डब्ल्यू एफ मेवप्रोनर सारण के कलेक्टर थे। वर्ष 1826 तक सारण, तिरहुत और आरा के साथ एक बड़े प्रशासनिक मंडल का हिस्सा था। वर्ष 1834 में कमीश्नरी समाप्त होने के बाद सारण को पटना कमीश्नरी के अधीन कर दिया गया।
सोनपुर मेले का इतिहास बताता है कि यह सामाजिक-सांस्कृतिक मेलजोल और राजनीतिक विचारों के आदान-प्रदान का भी केंद्र रहा। स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा इसका अध्याय मेले की ऐतिहासिक विरासत को विशिष्ट पहचान देता है।
यह भी पढ़ें- पेड़ पर लटका भाप इंजन बना सोनपुर मेले का नया आकर्षण! रेल ग्राम में दिखेगी 1863 से आधुनिक रेलवे तक की झलक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।