सोनपुर मेला में प्रशासन की महातैयारी: घाटों पर NDRF तैनात, अस्थायी अस्पताल और सांस्कृतिक मंच भी सजेंगे
विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हेतु घाटों पर एनडीआरएफ, अस्थायी चिकित्सा केंद्र और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की जा रही है।

सोनपुर मेला में प्रशासन की महातैयारी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
घाटों पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और मोटर बोट से गश्त।
अस्थायी चिकित्सा केंद्र, डॉक्टर, दवाएं और एंबुलेंस की सुविधा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच, प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, छपरा। विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और दुकानदारों की सुविधा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए घाटों से लेकर पूरे मेला क्षेत्र तक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की कार्ययोजना बनाई गई है। इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
घाटों पर सुरक्षित स्नान और आवागमन की व्यवस्था
कार्तिक पूर्णिमा पर काली घाट, साधु गाछी घाट, पुल घाट और पहलेजा घाट सहित प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत, बैरिकेडिंग और सुरक्षित स्नान क्षेत्र चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के साथ नदी में बचाव और राहत कार्य के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा रेस्क्यू टीम तैनात रहेगी। नदी में निगरानी के लिए मोटर बोट से गश्ती भी की जाएगी।
चिकित्सा केंद्रों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी
मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाईकर्मियों की तैनाती और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था की जाएगी। इनकी नियमित सफाई और निगरानी सुनिश्चित होगी।
श्रद्धालुओं को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के साथ हरिहरनाथ मंदिर, मीना बाजार सहित प्रमुख स्थलों पर अस्थायी चिकित्सा केंद्र खोले जाएंगे। यहां चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, दवाइयां और एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। आवश्यकता पड़ने पर रक्त चढ़ाने की सुविधा भी रखी जाएगी।
कलाकारों के समन्वय की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को
पर्यटकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए मंच, प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था के साथ कलाकारों के समन्वय की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।
मेले में बिजली आपूर्ति, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं की निगरानी की जाएगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखने तथा मांस बिक्री को नियंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं, पशु मेले में पशुओं की खरीद-बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार ही की जाएगी।