सोनपुर मेले का बदला अंदाज: कहीं 'भूतिया ग्लास ब्रिज' उड़ा रहा होश, कहीं आभासी दुनिया की सैर करा रहा 'डोम थिएटर'
विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में इस बार पारंपरिक मनोरंजन के साथ आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिल रहा है। 'भूतिया ग्लास ब्रिज' और '360 डिग्री डोम थिएटर' जैसे नए आकर्षण बच्चों और युवाओं को खूब लुभा रहे हैं।

360 डिग्री डोम थिएटर। फोटो जागरण
संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में इस बार पारंपरिक मनोरंजन के साथ आधुनिक तकनीक का भी अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
गाय बाजार में कहीं भूतिया ग्लास ब्रिज शो लोगों को डरा रहा है तो कहीं 360 डिग्री डोम थिएटर आभासी दुनिया की सैर कराने को तैयार है। मनोरंजन के इन नए प्रयोगों को देखने के लिए बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह है।
गाय बाजार में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के बगल में चल रहे भूतिया ग्लास ब्रिज शो में डरावनी आकृतियों और रहस्यमय गतिविधियों के जरिए दर्शकों को रोमांचित किया जा रहा है।
अचानक सामने आने वाले भूतिया पात्र लोगों को चौंका देते हैं। बच्चे और युवा डर तथा उत्सुकता के बीच इस शो का आनंद ले रहे हैं। परिवार और दोस्तों के साथ मेला घूमने आए लोग भी इस आकर्षण को देखने पहुंच रहे हैं।
डोम थिएटर में चारों तरफ दिखेगी आभासी दुनिया
इसी क्षेत्र में स्थापित 360 डिग्री डोम थिएटर भी दर्शकों के लिए नया आकर्षण है। इसमें हाई क्वालिटी प्रोजेक्टर के माध्यम से दर्शकों के चारों ओर थ्री-डी दृश्य दिखाए जाएंगे। इससे उन्हें ऐसा अनुभव होगा, मानो वे खुद उस आभासी दुनिया का हिस्सा हों।
डोम थिएटर के संचालक बिहारशरीफ निवासी समीर कुमार ने बताया कि यह आधुनिक तकनीक पर आधारित विशेष मनोरंजन माध्यम है। उन्होंने इसे अपनी श्रेणी का देश का दूसरा सबसे बड़ा रियलिटी शो बताया।
परंपरा के साथ आधुनिकता का संगम
सोनपुर मेला अब धार्मिक आस्था, पशु बाजार, खरीदारी और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ मनोरंजन के नए प्रयोगों के लिए भी पहचान बना रहा है। गाय बाजार में स्थापित ये दोनों आकर्षण मेले में आने वाली नई पीढ़ी को खास तौर पर लुभा रहे हैं।
इनके कारण इस क्षेत्र में दर्शकों की आवाजाही बढ़ने से आसपास के खानपान और छोटे कारोबारियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- सिलाई से शुरू हुआ सफर, मेहनत के दम पर मिली राष्ट्रीय पहचान; बेगूसराय की विवक कुमारी की कहानी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।