सिलाई से शुरू हुआ सफर, मेहनत के दम पर मिली राष्ट्रीय पहचान; बेगूसराय की विवक कुमारी की कहानी
विवक कुमारी ने सिलाई से शुरुआत कर आर्थिक तंगी दूर की और 'लखपति दीदी' बनीं। अब वे बेगूसराय की सैकड़ों महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बना रही हैं, जिन्हें राष्ट्रीय पहचान भी मिली है।

विवक कुमारी। फोटो जागरण
HighLights
विवक कुमारी ने सिलाई से शुरू कर आर्थिक तंगी दूर की।
जीविका से जुड़कर बनीं 'लखपति दीदी', मासिक आय 25 हजार।
सैकड़ों महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान।
संवाद सूत्र, भगवानपुर (बेगूसराय)। आर्थिक तंगी और सीमित संसाधनों के बीच आत्मनिर्भरता की राह चुनना आसान नहीं होता, लेकिन मजबूत इरादे और निरंतर मेहनत से मुश्किलों को भी अवसर में बदला जा सकता है।
इसकी मिसाल हैं मोख्तियारपुर पंचायत के दोहटा गांव की विवक कुमारी। कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली विवक ने वर्ष 2006 में सिलाई का काम शुरू कर अपनी पहचान बनाने की यात्रा शुरू की।
आज वह लखपति दीदी के रूप में जानी जाती हैं और पांच पंचायतों की सैकड़ों महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भरता की राह दिखा रही हैं। उनके कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है।
सिलाई से शुरू हुआ आत्मनिर्भरता का सफर
वर्ष 1998 में मनोज यादव से विवाह के बाद विवक कुमारी मोख्तियारपुर पंचायत के वार्ड संख्या 15 स्थित दोहटा गांव पहुंचीं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी। वर्ष 2005 के बाद उन्होंने परिस्थितियां बदलने का संकल्प लिया।
मायके से सीखी सिलाई को रोजगार का माध्यम बनाते हुए वर्ष 2006 में घर से ही महिलाओं के कपड़े सिलने शुरू किए। पति के बाहर रहकर काम करने के कारण उनकी कमाई परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी।
लीज पर जमीन लेकर शुरू की खेती
वर्ष 2009 में उन्होंने जमीन लीज पर लेकर गेहूं और मक्का की खेती शुरू की। इसके बाद गाय खरीदकर पशुपालन से जुड़ीं। दूध बिक्री से नियमित आमदनी होने लगी।
धीरे-धीरे सब्जी उत्पादन, धान की खेती और अन्य कृषि गतिविधियों का भी विस्तार किया। आर्थिक कठिनाइयों के कारण उनकी पढ़ाई आठवीं तक ही हो सकी थी, लेकिन आगे पढ़ने की ललक के चलते उन्होंने अपने प्रयास से मैट्रिक की परीक्षा भी उत्तीर्ण की।
जीविका से जुड़कर मिली नई पहचान
वर्ष 2014 में विवक कुमारी जीविका से जुड़ीं और संतोषी जीविका महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य बनीं। इसके बाद क्रांति जीविका महिला ग्राम संगठन और तिलक जीविका महिला संकुल संघ से जुड़कर बचत, सामूहिक प्रयास और स्वरोजगार की बारीकियां सीखीं।
कृषि, सब्जी उत्पादन और पशुपालन जैसी गतिविधियों के विस्तार से उनकी मासिक आमदनी करीब 20 से 25 हजार रुपये तक पहुंच गई। इसी उपलब्धि ने उन्हें लखपति दीदी की पहचान दिलाई।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत उन्हें 10 हजार रुपये की सहायता राशि भी मिली है। वह अब मोख्तियारपुर, बनवारीपुर, चंदौर, मेंहदौली और रसलपुर पंचायतों की महिलाओं को खेती, पशुपालन, सब्जी उत्पादन, दुकानदारी और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जोड़ने में मदद कर रही हैं।
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में मिली पहचान
विवक कुमारी के संघर्ष और महिला सशक्तीकरण के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में उन्हें आमंत्रित किया गया, जहां उन्होंने अपने अनुभव साझा किए।
कभी आर्थिक तंगी से जूझने वाली एक सामान्य ग्रामीण महिला का राष्ट्रीय मंच तक पहुंचना क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।
यह भी पढ़ें- खाद खरीदने के लिए देनी होगी वंशावली, बिहार में पूर्वजों के नाम जमीन होने पर नया नियम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।