विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खाद खरीदने के लिए देनी होगी वंशावली, बिहार में पूर्वजों के नाम जमीन होने पर नया नियम  

Published: Mon, 30 Nov 2026 01:09 AM (IST)

बिहार में रबी फसल की बुआई के लिए खाद खरीदने वाले किसानों को अब वंशावली देनी होगी, खासकर यदि जमीन पूर्वजों के नाम पर है।  

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. खाद खरीद के लिए वंशावली देना अनिवार्य होगा।

  2. एफएफएस ऐप पर पंजीकरण और भूमि विवरण आवश्यक है।

  3. भभुआ में यूरिया उपलब्ध, डीएपी की कमी है।

जागरण संवाददाता, भभुआ। जिले में धान की कटाई के बाद अब किसान रबी फसल गेहूं की बुआई की तैयारी में जुट गए हैं। खेतों की जुताई और बीज की व्यवस्था के साथ किसानों को खाद की चिंता भी सताने लगी है। इस वर्ष गेहूं की खेती के लिए जिले में लगभग एक लाख एक हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इतने बड़े क्षेत्र में गेहूं की खेती के लिए करीब 35 हजार मीट्रिक टन यूरिया तथा 7500 मीट्रिक टन डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की आवश्यकता का अनुमान है।

ऐसे में खाद की खरीदारी के लिए किसान सरकारी गोदामों और अधिकृत खाद दुकानों पर पहुंच रहे हैं। इस बार सरकारी गोदामों से खाद प्राप्त करने के लिए किसानों को एफएफएस एप के माध्यम से पंजीकरण और भूमि संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है।

हालांकि बिहार में खाद वितरण की ऑनलाइन व्यवस्था को लेकर हाल में तकनीकी बदलाव भी किए गए हैं। वंशावली और बटाईदारी श्रेणी के किसानों को राहत देने के लिए एफएफएस सॉफ्टवेयर में सीधे क्यूआर कोड जारी करने की सुविधा विकसित की गई है।

खासकर जिन किसानों की जमीन उनके पिता, दादा या अन्य पूर्वजों के नाम पर दर्ज है, उन्हें खाद लेने के लिए जमीन की रसीद के साथ वंशावली प्रस्तुत करने की जरूरत पड़ सकती है। इससे जमीन के वास्तविक खेती करने वाले किसान की पहचान और भूमि संबंधी विवरण का सत्यापन किया जा सकेगा।

गोदाम में यूरिया उपलब्ध, डीएपी की कमी

भभुआ इफको गोदाम के सेल्समैन विवेक सिंह के अनुसार फिलहाल गोदाम में यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जबकि डीएपी खाद का स्टाक उपलब्ध नहीं है।

किसानों को खाद की जरूरत के अनुसार एप पर पंजीकरण कर बुकिंग प्रक्रिया पूरी करनी होगी। खाद की उपलब्धता के अनुसार किसान संबंधित गोदाम से प्राप्त कर सकेंगे।

एफएफएस एप की व्यवस्था के तहत किसान आधार या किसान रजिस्ट्री आइडी से लागिन कर जमीन का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद आवश्यक खाद और मात्रा का चयन कर उपलब्ध विक्रेता के यहां बुकिंग की प्रक्रिया पूरी की जाती है।

बुकिंग के बाद मिलने वाले क्यूआर कोड या टोकन के माध्यम से खाद प्राप्त करने की व्यवस्था है। वर्तमान निर्धारित दर के अनुसार यूरिया की एक 45 किलोग्राम बोरी 266.50 रुपये तथा डीएपी की 50 किलोग्राम बोरी 1350 रुपये में मिलती है।

इस बार खाद खरीदने की प्रक्रिया में जमीन के दस्तावेज, आधार कार्ड और वंशावली जैसे कागजात किसानों के लिए महत्वपूर्ण हो गए हैं।

खासकर वैसे किसान जिनकी जमीन अब भी पूर्वजों के नाम पर है, उन्हें खाद लेने से पहले जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे, ताकि बुवाई के समय खाद प्राप्त करने में परेशानी न हो।

यह भी पढ़ें- बिहार के इंजीनियरिंग छात्रों को सरकारी प्रोजेक्ट्स में इंटर्निशिप का मौका, हर महीने मिलेगा ₹10000 स्टाइपेंड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।