बिहार के इंजीनियरिंग छात्रों को सरकारी प्रोजेक्ट्स में इंटर्निशिप का मौका, हर महीने मिलेगा ₹10000 स्टाइपेंड
बिहार के इंजीनियरिंग छात्रों को अब सरकारी परियोजनाओं में काम करने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने के लिए पेड इंटर्नशिप का मौका मिलेगा।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
इंजीनियरिंग छात्रों को सरकारी परियोजनाओं में पेड इंटर्नशिप का अवसर।
प्रत्येक माह 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
जियो-स्पेशियल सेवाओं के उपयोग को बढ़ावा देने की नीति स्वीकृत।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों को अब सरकारी परियोजनाओं में काम करने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
इसके लिए विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पेड इंटर्नशिप योजना को स्वीकृति प्रदान की है।
इसके तहत बीटेक के चार वर्षीय पाठ्यक्रम के सातवें सेमेस्टर में इच्छुक विद्यार्थियों को पेड इंटर्नशिप का लाभ मिलेगा और प्रत्येक माह 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। विद्यार्थी बिहार सरकार के विभागों, निगमों, बोर्ड और सोसाइटी की परियोजनाओं से जुड़कर काम कर सकेंगे।
इससे उन्हें पढ़ाई के दौरान ही सरकारी परियोजनाओं की कार्य प्रणाली समझने, तकनीकी ज्ञान को व्यवहार में उतारने और कार्य क्षेत्र का अनुभव प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
विभागीय मंत्री शीला कुमारी के मुताबिक इस योजना से इंजीनियरिंग शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलेगा। सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
प्रत्येक राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक में संस्थान विकास सोसाइटी का गठन किया जा रहा है। सोसाइटी के माध्यम से संस्थानों के बहुआयामी विकास के लिए कार्य योजनाएं तैयार करायी जाएंगी। इन योजनाओं के निर्माण, क्रियान्वयन और अन्य आनुषंगिक कार्यों के लिए स्वतंत्रता भी प्रदान की जाएगी।
जियो-स्पेशियल सेवाओं के उपयोग को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभाग द्वारा बिहार रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर (बीआइआरएसएसी) को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
इसके तहत जियो-स्पेशियल सेवाओं के उपयोग के लिए नीति-2025 को स्वीकृति दी गई है। इस नीति के तहत सभी विभागों को आधारभूत संरचना से संबंधित ऐसी परियोजनाओं में जियो-स्पेशियल विश्लेषण का उपयोग करना होगा, जिनकी लागत 50 करोड़ रुपये या इससे अधिक है।