सोनपुर मेला 2026: एक ही जगह मिलेगा बिहार के सभी जिलों का पारंपरिक स्वाद, बनेगा भव्य फूड कोर्ट
विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेले में इस बार श्रद्धालुओं को बिहार के सभी जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।
-1794584852007_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
सोनपुर मेले में बिहार के सभी जिलों के पारंपरिक व्यंजन मिलेंगे।
फूड कोर्ट में प्रतिष्ठित ब्रांडों के साथ स्थानीय पकवान उपलब्ध होंगे।
मेले में सफाई, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, छपरा। विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में इस बार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बिहार के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।
मेले में विकसित किए जा रहे फूड कोर्ट को खास आकर्षण के रूप में तैयार किया जा रहा है। यहां बिहार के सभी जिलों के विशिष्ट और पारंपरिक पकवान उपलब्ध कराने की योजना है।
इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा। साथ ही फूड कोर्ट में बड़े और प्रतिष्ठित ब्रांडों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। शुक्रवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
फूड कोर्ट में दिखेगी बिहार के खानपान की विविधता
सोनपुर मेला परिसर में तैयार हो रहे फूड कोर्ट की व्यवस्था और संचालन के लिए अपर समाहर्ता (आपूर्ति) की अध्यक्षता में समिति गठित करने का निर्देश दिया गया है।
समिति फूड कोर्ट की व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। प्रशासन का प्रयास है कि यहां आने वाले लोगों को एक ही स्थान पर बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के खानपान की विविधता देखने और उसका स्वाद लेने का मौका मिले।

इसके लिए सभी जिलों से उनके प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की पहल की जाएगी। फूड कोर्ट में प्रतिष्ठित खाद्य ब्रांडों को भी जगह दी जाएगी। इसके अलावा पर्याप्त पेयजल, वॉशरूम, रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
आर्ट एंड क्राफ्ट मेला में भी खानपान की विशेष व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके अंदर आधुनिक फूड कैफे तैयार किया जाएगा, जबकि बाहरी हिस्से में ग्रामीण परिवेश और पारंपरिक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की जाएगी। इससे मेले में आने वाले लोगों को आधुनिक सुविधाओं के साथ ग्रामीण खानपान और संस्कृति का अनुभव भी मिलेगा।
सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी जोर
जिलाधिकारी ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में मेले की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। इसमें साफ-सफाई, विद्युत, यातायात, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, प्रदर्शनी, प्रशासनिक भवन और सुरक्षा व्यवस्था को समय से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
सफाई एजेंसी को जोनवार कर्मियों की तैनाती तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्युत व्यवस्था की निगरानी के लिए भी जिला स्तरीय टीम गठित होगी।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पार्किंग स्थल विकसित करने, जेपी सेतु के दोनों ओर एक-एक क्रेन और अतिरिक्त स्पेयर क्रेन उपलब्ध रखने की जानकारी दी गई।
मेला क्षेत्र में 50 बायो-टॉयलेट स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए एसडीओ सोनपुर को स्थल चयन करने का निर्देश दिया गया। पेयजल और वॉशरूम की व्यवस्था का संयुक्त आकलन करने को भी कहा गया।
इसके अलावा स्वागत कक्ष, मीडिया सेंटर, प्रशासनिक भवन, जिला नियंत्रण कक्ष, वेलकम गेट और वीआईपी लाउंज को निर्धारित समय में तैयार करने का निर्देश दिया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी भी संबंधित पदाधिकारियों को सौंपी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेले की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरे किए जाएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।