सोनपुर मेला के लिए नई गाइडलाइंस, धार्मिक स्नान के लिए हाथी लाने से पहले लेनी होगी अनुमति
Sonepur Mela 2026 Guidelines: सोनपुर मेला 2026 के लिए वन विभाग ने सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं, जिसके तहत अब ...और पढ़ें

HighLights
मेला में हाथी लाने को लेनी होगी पूर्व अनुमति।
धार्मिक स्नान हेतु ही हाथी लाने की मिलेगी छूट।
हाथियों की खरीद-बिक्री और क्रूरता पर पूर्ण प्रतिबंध।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Elephant Entry Sonepur Fair: प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला, 2026 को लेकर वन विभाग की ओर से सख्त गाइडलाइंस जारी की गई है।
इसके तहत अब मेला परिसर में पालतू हाथी लाने के लिए पहले से अनुमति लेनी अनिवार्य होगी। विभाग के स्पष्ट निर्देश हैं कि हाथी को केवल लोकप्रिय लघुकालिक सांस्कृतिक रीति जैसे धार्मिक स्नान के लिए ही मेला क्षेत्र में लाया जा सकेगा।
बिना पूर्व अनुमति के हाथी को मेला में लाना, रखना या उसका प्रदर्शन करना पूरी तरह गैर-कानूनी माना जाएगा।
लेनी होगी अनुमति
वन विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, हाथी मालिक को विहित प्रपत्र में अग्रिम आवेदन देकर सारण वन प्रमंडल (छपरा) और मेला प्राधिकार से अनुमति प्राप्त करनी होगी।
इसके अलावा, बिहार से हाथी को बाहर ले जाने या राज्य के बाहर से हाथी लाने के लिए मुख्य वन्यप्राणी प्रतिपालक, बिहार की अनुमति लेना भी अनिवार्य कर दिया गया है।
बिना ट्रांजिट परमिट और वैध अनुमति के हाथियों का परिवहन करना दंडनीय अपराध होगा।
देना होगा घोषणा पत्र
हाथी मालिकों को एक स्व-घोषणा पत्र भी देना होगा, जिसमें यह स्पष्ट करना होगा कि वे अपनी इच्छा से हाथी को धार्मिक प्रयोजन के लिए ला रहे हैं।
मेला कैंप में हाथी के सुरक्षित आवासन, भोजन और रख-रखाव की पूरी जिम्मेदारी मालिक के अपने खर्च पर होगी। इसके साथ ही, मेला अवधि के दौरान हाथियों के साथ किसी भी प्रकार का क्रूर व्यवहार करने या क्लेशदायक प्रदर्शन कराने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
खरीद-बिक्री पर रोक
बिहार में लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार हाथियों की खरीद-बिक्री, व्यापार और उनके हस्तांतरण पर पूरी तरह मनाही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य वन्यप्राणी प्रतिपालक अभय कुमार ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह कदम मेलों में हाथियों के अवैध व्यापार और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है।