सोनपुर मेले में 17 से 23 दिसंबर तक सजेगा पुस्तक मेला, पाठकों और लेखकों को मिलेगा साझा मंच
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में 17 से 23 दिसंबर तक भव्य पुस्तक मेले का आयोजन होगा। इसका उद्देश्य पठन-पाठन की ...और पढ़ें
-1794221475242_m.webp)
सोनपुर मेले में 17 से 23 दिसंबर तक सजेगा पुस्तक मेला, पाठकों और लेखकों को मिलेगा साझा मंच (AI Generated Image)
HighLights
सोनपुर मेला में 17 से 23 दिसंबर तक पुस्तक मेला।
पठन-पाठन संस्कृति को बढ़ावा देने का मुख्य उद्देश्य।
प्रकाशकों को मुफ्त स्टॉल, प्रशासन ने बनाई समिति।
जागरण संवाददाता, छपरा। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में जनमानस के बीच पठन-पाठन की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक भव्य पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। डीएम वैभव श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पुस्तक मेला 17 दिसंबर से 23 दिसंबर तक संचालित होगा।
इस आयोजन का मुख्य ध्येय साहित्य, कला और स्थानीय संस्कृति को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ पाठकों और प्रकाशकों के मध्य सीधा संवाद स्थापित करना है।
आयोजन को व्यापक और आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन पब्लिकेशन कंपनियों को मेला परिसर में मुफ्त में स्टाल उपलब्ध करा रहा है।
प्रशासन की इस विशेष पहल का मकसद देशभर के प्रतिष्ठित प्रकाशकों और पुस्तक विक्रेताओं को आमंत्रित करना है, जिससे मेले में अधिक से अधिक स्टॉल लग सकें।
प्रकाशकों की व्यापक भागीदारी से सोनपुर मेला घूमने आने वाले साहित्य प्रेमियों और अध्येताओं को एक ही छत के नीचे विविध विषयों की स्तरीय पुस्तकें सुलभ हो सकेंगी।
कार्यक्रम के सुचारु संचालन और प्रभावी प्रबंधन हेतु प्रशासन ने एक विशेष समिति का गठन किया है। इस समिति में उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम की निदेशक सुमिता कुमारी और सर्वशिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नीरज कुमार को शामिल किया गया है।
वहीं, लेखक उत्कर्ष आनंद तथा सहायक प्राध्यापक अविनाश भारती को बतौर आमंत्रित सदस्य जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति को समय रहते विभिन्न प्रकाशकों से समन्वय स्थापित कर मेले का सफल संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें- सोनपुर मेला 2026: चप्पे-चप्पे पर होगी रोशनी, स्थानीय लोगों को मिलेंगे पास; डीएम ने की हाई लेवल समीक्षा