बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का संदेश दे रहा सोनपुर मेला, महिला उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की हो रही अपील
सोनपुर मेले में महिला एवं बाल विकास निगम की प्रदर्शनी महिलाओं और बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा व आत्मनिर्भरता का संदेश दे रही है।

बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का संदेश दे रहा सोनपुर मेला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
मेले में महिलाओं-बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता का संदेश।
बाल विवाह, दहेज प्रथा, हिंसा के खिलाफ जागरूकता अभियान।
महिला हेल्पलाइन 181, वन स्टॉप सेंटर की जानकारी दी गई।
संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में महिला एवं बाल विकास निगम की प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं और बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया जा रहा है।
समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार की ओर से लगाई गई इस प्रदर्शनी में बाल विवाह, दहेज प्रथा और महिलाओं के विरुद्ध हिंसा जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बैनर, पोस्टर और प्रेरक नारों के माध्यम से बेटियों को पढ़ाने और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने की अपील की जा रही है।
प्रदर्शनी में लगा नारा 'पढ़ाई करेंगे तो कुछ बन जाएंगे, ब्याह होगा जल्दी तो बंध जाएंगे' लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इसके माध्यम से कम उम्र में बेटियों की शादी कराने के बजाय उन्हें उच्च शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर देने का संदेश दिया जा रहा है। विभाग का जोर बेटियों को समान अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाने पर है।
महिला उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
प्रदर्शनी में महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। अश्लील टिप्पणी, आपत्तिजनक संदेश, बिना सहमति स्पर्श, इंटरनेट के माध्यम से उत्पीड़न और संबंध बनाने के लिए दबाव डालने जैसी घटनाओं पर चुप नहीं रहने की अपील की गई है। महिलाओं को ऐसी परिस्थितियों में शिकायत करने और सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसके साथ ही बिहार सरकार की महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में भी बताया जा रहा है। इस टोल फ्री नंबर के माध्यम से घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना सहित अन्य समस्याओं से प्रभावित महिलाएं सहायता मांग सकती हैं। यह सेवा चौबीस घंटे उपलब्ध है। जरूरत के अनुसार महिलाओं को पुलिस, अस्पताल और कानूनी सहायता से भी जोड़ा जाता है।
वन स्टाप सेंटर की सुविधाओं की भी जानकारी
प्रदर्शनी में वन स्टाप सेंटर की भूमिका और वहां मिलने वाली सुविधाओं से भी लोगों को अवगत कराया जा रहा है। यहां हिंसा से प्रभावित महिलाओं को चिकित्सकीय सहायता, पुलिस सहयोग, कानूनी परामर्श, मनोसामाजिक परामर्श और आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
बाल विवाह और दहेज प्रथा के दुष्परिणामों को भी पोस्टरों के माध्यम से समझाया जा रहा है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और उड़ान कार्यक्रम के संदेशों के जरिए लैंगिक समानता, कौशल प्रशिक्षण तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता पर जोर दिया जा रहा है।
मेले में प्रतिदिन पहुंच रहे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों के लिए यह प्रदर्शनी सरकारी योजनाओं और महिला अधिकारों की जानकारी प्राप्त करने का माध्यम बन रही है।
यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में खरीदारी के साथ चटकारे का भी मौका, एक ही स्टॉल पर आम से कटहल तक के अचार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।