सोनपुर मेले में सजा सहकारिता मंडप, 15 स्टॉलों पर दिखेगी बिहार के उत्पादों की विविधता
सोनपुर मेले में सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने सहकारिता मंडप का उद्घाटन किया, जहाँ बिहार के विभिन्न जिलों के सहकारी उत्पादों और सरकारी योजनाओं को 15 स्टॉलों पर प्रदर्शित किया गया। यह मंडप किसानों, महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सहकारिता नीति-2026 के तहत ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देगा।

सोनपुर मेले में सजा सहकारिता मंडप (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
सोनपुर मेले में सहकारिता मंत्री ने मंडप का किया उद्घाटन।
बिहार के सहकारी उत्पाद, ग्रामीण उद्यमिता 15 स्टॉलों पर प्रदर्शित।
सहकारिता नीति-2026 किसानों, महिलाओं, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी।
संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में बुधवार को सहकारिता विभाग की ओर से सहकारिता मंडप का उद्घाटन किया गया। सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने इसका शुभारंभ किया।
मंडप में 15 स्टॉलों के माध्यम से बिहार के विभिन्न जिलों की सहकारी समितियों के उत्पाद, ग्रामीण उद्यमिता और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। यहां बुनकरों के तैयार कपड़े, मखाना, शहद और सब्जी उत्पादों के साथ सहकारी बैंकिंग गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया है।
सहकारिता नीति-2026 लागू की गई
मंत्री ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों, महिलाओं, युवाओं और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार काम कर रही है। सहकारी समितियों को रोजगार और आर्थिक समृद्धि का माध्यम बनाने के लिए सहकारिता नीति-2026 लागू की गई है।
मंडप में सीवान, गया, पटना और जमालहाता की बुनकर सहकारी समितियों के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। दरभंगा की मखाना उत्पादक समिति के माध्यम से उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की जानकारी दी जा रही है।
हर थाली में बिहारी तरकारी का लक्ष्य
पूर्वी चंपारण और वैशाली की ग्रामोद्योग समितियों तथा मुजफ्फरपुर की प्रगति स्वावलंबी सहकारी समिति की गतिविधियां भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं। इसके अलावा बिहार राज्य सहकारी बैंक, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान उत्पादक संगठन, वेजफेड और भारत टैक्सी से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
मंत्री ने बताया कि ''हर थाली में बिहारी तरकारी'' के लक्ष्य को लेकर राज्य में 534 प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों और आठ क्षेत्रीय संघों का गठन किया गया है। इनसे 1.18 लाख से अधिक किसान जुड़ चुके हैं। सब्जी क्षेत्र के विकास के लिए 106.39 करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। रबी 2026-27 से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू की गई है। खरीफ विपणन मौसम 2026-27 में साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान अधिप्राप्ति के 48 घंटे के भीतर किसानों को भुगतान की व्यवस्था की गई है।
7452 गोदामों का निर्माण पूरा
उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 7452 गोदामों का निर्माण पूरा हो चुका है, जिनकी कुल भंडारण क्षमता 19.95 लाख मीट्रिक टन है। पैक्सों को बहुउद्देशीय केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
वहीं, सभी 23 जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों और बिहार राज्य सहकारी बैंक का कोर बैंकिंग सिस्टम उन्नत किया गया है। मंत्री ने सकरी में सहकारी चीनी मिल एवं सह-विद्युत उत्पादन इकाई तथा रैयाम में आदर्श शुगर काम्प्लेक्स विकसित करने की पहल की जानकारी भी दी।
विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि सहकारी समितियों को राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम और नाबार्ड के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में करीब डेढ़ करोड़ किसान विभिन्न सहकारी समितियों से जुड़े हैं। कार्यक्रम में निबंधक, सहयोग समितियां रजनीश कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।