विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर सोनपुर मेला में प्रशासन अलर्ट, ड्यूटी से गायब रहने पर होगी कार्रवाई

By Zakir AliEdited By: Piyush Pandey
Published: Sun, 22 Nov 2026 01:17 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन और हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के उद्घाटन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व व्यवस्था की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

मुख्यमंत्री आगमन को लेकर ब्रीफिंग करते डीएम और एसएसपी। (फोटो: पीआरडी)

मुख्यमंत्री आगमन को लेकर ब्रीफिंग करते डीएम और एसएसपी। (फोटो: पीआरडी)

HighLights

  1. मेला उद्घाटन और मुख्यमंत्री आगमन की अंतिम तैयारियां।

  2. डीएम-एसएसपी ने सुरक्षा व व्यवस्था का जायजा लिया।

  3. अधिकारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी से ड्यूटी का निर्देश।

जागरण संवाददाता, छपरा। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के उद्घाटन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्था की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

रविवार की सुबह जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने मेला परिसर के विभिन्न स्थानों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित कर उन्हें पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया।

व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर

डीएम ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में साफ-सफाई, सजावट, रोशनी, बिजली और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि मेला परिसर के प्रत्येक हिस्से को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि उद्घाटन समारोह के दौरान आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रवेश द्वारों पर रहेगी विशेष निगरानी

मुख्य प्रवेश द्वारों और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

सभी को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार जिम्मेदारी निभाने को कहा गया। मुख्य मंच के प्रवेश द्वार पर भी सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो।

बिना अनुमति ड्यूटी स्थल छोड़ने पर रोक

डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के सारण जिला सीमा में प्रवेश से लेकर हरिहरनाथ मंदिर आगमन और कार्यक्रम समाप्ति के बाद जिला सीमा से प्रस्थान तक सभी प्रतिनियुक्त कर्मी अपने निर्धारित स्थान पर मौजूद रहेंगे।

कोई भी अधिकारी या कर्मी सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के बिना ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ेगा। मुख्य द्वारों पर तैनात कर्मी विशिष्ट अतिथियों के प्रस्थान के बाद ही निर्देशानुसार अपनी जगह छोड़ेंगे।

मीडिया की आवाजाही के लिए अलग व्यवस्था

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को मीडिया प्रतिनिधियों के लिए निर्धारित स्थल पर पत्रकारों की आवाजाही और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी दी गई।

वहीं विद्युत, सफाई, सजावट और यातायात व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति जवाबदेह रहने को कहा गया।

डीएम ने कहा कि सोनपुर मेले का उद्घाटन महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित आयोजन है। इसे गरिमामय, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मियों को तत्परता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।

यह भी पढ़ें- आज से शुरू सोनपुर मेला, शाही अंदाज में होगा आगाज; घूमने जाने से पहले समझ लें ये व्यवस्थाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।