विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आज से शुरू सोनपुर मेला, शाही अंदाज में होगा आगाज; घूमने जाने से पहले समझ लें ये व्यवस्थाएं

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:36 AM (IST)

विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला आज भव्य समारोह के साथ शुरू होगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। यह 32 दिवसीय मेला गीत-संगीत, खरीदारी और पशु मेले सहित मनोरंजन के भरपूर अवसर प्रदान करेगा।

बाबा हरिहरनाथ की प्रत‍िमा। फाइल

बाबा हरिहरनाथ की प्रत‍िमा। फाइल

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शाम 5 बजे करेंगे उद्घाटन।

  2. 32 दिवसीय मेले में गीत-संगीत, झूले और पशु मेला।

  3. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पार्किंग और एंबुलेंस की व्यवस्था।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। गीत-संगीत, झूले, डांस, खान-पान, खरीदारी और पशु मेले का रोमांच… एक महीने तक चलने वाले सोनपुर मेले का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है।

विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का आगाज रविवार को भव्य समारोह के साथ होगा। यहां श्रद्धालुओं को आस्था के साथ मनोरंजन और खरीदारी का भी भरपूर मौका मिलेगा।

मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शाम पांच बजे करेंगे। समारोह में दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव समेत कई मंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के वरीय अधिकारी शामिल होंगे।

हालांकि, उद्घाटन समारोह में केवल वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी ही आकर्षण नहीं होगी, आम लोगों के लिए भी मेले का पहला दिन खास रहने वाला है।

शाही अंदाज में समारोह स्थल पहुंचेंगे अतिथि

उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के लिए पारंपरिक शाही अंदाज में अतिथियों के आगमन की तैयारी की गई है। सोनपुर स्थित जिला परिषद डाकबंगला में उनके ठहरने और स्वागत की व्यवस्था होगी।

यहां से अतिथियों को अश्वारोही दस्ते की अगवानी में पायलट वाहन और सुरक्षा घेरे के साथ मुख्य समारोह स्थल तक ले जाया जाएगा।

मुख्य अतिथि द्वार से प्रवेश के बाद उन्हें पर्यटन विभाग के मुख्य पंडाल तक पहुंचाया जाएगा। स्वागत और शिष्टाचार के लिए दर्जनों अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

मेले में जाने से पहले जान लें सुरक्षा के इंतजाम

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मुख्य मंच, विशिष्ट अतिथि दीर्घा, दर्शक दीर्घा और तीनों प्रवेश द्वारों पर दंडाधिकारी के साथ सशस्त्र बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।

अतिथियों की विस्फोटक और संदिग्ध वस्तुओं से जांच की जाएगी, जबकि आम दर्शकों को धातु जांच उपकरण से जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। भीड़ नियंत्रित रखने और लोगों की आवाजाही सुचारु बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

पार्किंग से लेकर एंबुलेंस तक की व्यवस्था

मेले में पहुंचने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों पर इंतजाम किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन, चिकित्सक दल और दवाओं से सुसज्जित एंबुलेंस तैनात रहेंगी।

अतिथियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेषज्ञ दल भी लगाया गया है। दीघा-जेपी सेतु से मेला क्षेत्र तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी कर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पूरे आयोजन की निगरानी अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) प्रमोद कुमार पांडेय और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संजय कुमार करेंगे।

32 दिनों तक मेले में मिलेगा मनोरंजन और खरीदारी का मौका

32 दिनों तक चलने वाले सोनपुर मेले में लोगों को गीत-संगीत, झूले, डांस, खान-पान और खरीदारी के साथ पशु मेले का भी आनंद मिलेगा।

आस्था और परंपरा से जुड़े इस आयोजन में हर उम्र के लोगों के लिए आकर्षण मौजूद रहेंगे। उद्घाटन के साथ ही मेले में रौनक बढ़ने और दूर-दूर से लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।