विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक ही क्यारी में आलू-मक्का की खेती, बिना जुताई के उत्पादन का प्रयोग; कम लागत में होगा बंपर मुनाफा!

Published: Thu, 19 Nov 2026 03:17 PM (IST)

सोनपुर मेले की कृषि प्रदर्शनी में बिना जुताई के आलू और मक्का की एक साथ खेती का अनूठा प्रयोग दिखाया ...और पढ़ें

सोनपुर की क़ृषि प्रदर्शनी (जागरण फोटो)

सोनपुर की क़ृषि प्रदर्शनी (जागरण फोटो)

HighLights

  1. एक ही क्यारी में बिना जुताई आलू-मक्का की खेती।

  2. किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, कम लागत उत्पादन सिखाया जा रहा।

  3. ईख की वैज्ञानिक खेती, विभिन्न पौधों की नर्सरी भी प्रदर्शित।

राहुल, नयागांव। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में इस बार कृषि प्रदर्शनी किसानों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक कृषि तकनीक, कम लागत में बेहतर उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई प्रयोगों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

प्रदर्शनी में एक ही क्यारी में बिना जुताई के आलू और मक्का की खेती का अनूठा प्रयोग देखने को मिल रहा है। इसके अलावा ईख की खेती के वैज्ञानिक तरीके और विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों की नर्सरी भी लोगों को आकर्षित कर रही है।

गोपालपुर एग्रीकल्चर प्रोड्यूसर कंपनी की देखरेख में लगाई गई इस प्रदर्शनी के एक हिस्से में बिना जुताई वाली खेती की तकनीक को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। इसमें बताया जा रहा है कि किस प्रकार खेत की पारंपरिक जुताई किए बिना भी फसलों की बुवाई और उत्पादन किया जा सकता है।

इस पद्धति से मिट्टी की संरचना को सुरक्षित रखने, उसकी नमी बनाए रखने तथा खेती की लागत कम करने की संभावनाओं से किसानों को अवगत कराया जा रहा है। एक ही क्यारी में आलू और मक्का की खेती का प्रयोग किसानों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

कंपनी से जुड़े मृत्युंजय सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य किसानों को खेती के नए प्रयोगों और तकनीकी बदलावों से परिचित कराना है। किसानों को ऐसी कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है, जिन्हें अपनाकर कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में ईख की खेती को भी विशेष स्थान दिया गया है। यहां गन्ने की खेती की वैज्ञानिक तकनीक, फसल प्रबंधन और बेहतर उत्पादन के तरीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

कृषि प्रदर्शनी का एक अन्य आकर्षण पेड़-पौधों की नर्सरी है। यहां विभिन्न प्रकार के फलदार, छायादार, सजावटी और पर्यावरण के अनुकूल पौधों को प्रदर्शित किया गया है।

नर्सरी के माध्यम से लोगों को पौधरोपण के महत्व, पौधों की देखभाल और हरियाली बढ़ाने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। घरों, बगीचों और खेतों में पौधे लगाने के इच्छुक लोगों के लिए यह नर्सरी खास आकर्षण बनी हुई है।

सोनपुर मेले में आने वाले किसानों के साथ आम लोगों के लिए भी यह कृषि प्रदर्शनी उपयोगी साबित हो रही है। यहां खेती की आधुनिक तकनीकों को करीब से देखने और समझने का अवसर मिल रहा है।

एक ओर बिना जुताई के आलू-मक्का की खेती का प्रयोग किसानों को नई राह दिखा रहा है, वहीं दूसरी ओर ईख की खेती और पौधों की नर्सरी कृषि के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही है। इस तरह कृषि प्रदर्शनी खेती-किसानी, नवाचार और हरियाली का अनूठा संगम बन रही है।

यह भी पढ़ें- आरा: दियारा में लहलहाने लगी मटर-छेमी की फसल, किसानों को अच्छी आमदनी की उम्मीद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।