आरा: दियारा में लहलहाने लगी मटर-छेमी की फसल, किसानों को अच्छी आमदनी की उम्मीद
शाहपुर के धर्मावती नदी तटीय दियारा इलाकों में मटर-छेमी की फसल लहलहा रही है, जिससे किसानों को अच्छी आमदनी की ...और पढ़ें

दियारा में लहलहाने लगी मटर-छेमी की फसल (जागरण फोटो)
HighLights
शाहपुर के दियारा में मटर-छेमी की फसल लहलहाई।
दिसंबर के प्रथम सप्ताह से बाजार में उपज आने की उम्मीद।
कीटों से बचाव के लिए किसान कर रहे दवा छिड़काव।
दिलीप कुमार ओझा, शाहपुर (आरा)। धर्मावती नदी के तटीय दियारा इलाकों में इन दिनों मटर-छेमी की फसल खेतों में लहलहाने लगी है। फसल की अच्छी बढ़वार देख किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
मौसम अनुकूल रहा और फसल रोग व कीटों से सुरक्षित रही तो दिसंबर के प्रथम सप्ताह से मटर-छेमी की पहली उपज बाजार में पहुंचने लगेगी। इससे किसानों को अच्छी आमदनी की उम्मीद है।
शाहपुर प्रखंड के सहजौली, सुहिया, बरिसवन, बहोरनपुर, हिरखी पिपरा, बुझाराय का डेरा सहित दियारा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बड़े पैमाने पर मटर-छेमी की खेती की गई है।
इस वर्ष प्रखंड में करीब चार से पांच हजार एकड़ भूमि पर इसकी खेती होने का अनुमान है। मटर-छेमी की खेती किसानों के लिए दियारा क्षेत्र की प्रमुख नकदी फसलों में शामिल है।
इस बार मौसम की परिस्थितियों के कारण मटर-छेमी की बुवाई दो चरणों में हुई है। कुछ किसानों ने अर्नब तूफान आने से करीब एक सप्ताह पहले बुवाई कर दी थी। जबकि बड़ी संख्या में किसानों ने तूफान के बाद खेतों में बीज डाले।
दोनों चरणों की बुवाई में करीब 20 दिनों का अंतर होने से फसल भी अलग-अलग समय पर तैयार होगी। इससे किसानों को दो चरणों में उपज बाजार पहुंचाने और एक साथ फसल तैयार होने से होने वाली परेशानी से बचने का लाभ मिल सकता है।
शाहपुर कृषि ग्रीन सेंटर के संचालक श्याम सुंदर सिंह कुशवाहा के अनुसार इस वर्ष हरिभजन प्रजाति के मटर के बीज की करीब 200 टन बिक्री हुई है। बीज की मांग से क्षेत्र में मटर-छेमी की खेती के प्रति किसानों की रुचि का अंदाजा लगाया जा सकता है।
हालांकि, फसल की बढ़वार के साथ किसानों के सामने कीटों से बचाव की चुनौती भी है। कई खेतों में पौधों पर छोटे-छोटे कीट दिखाई देने लगे हैं।
बहोरनपुर पैक्स अध्यक्ष रामजी राय, सहजौली पैक्स अध्यक्ष मुन्ना राय एवं सुहिया पैक्स अध्यक्ष राजेश पांडेय ने बताया कि किसान फसल को सुरक्षित रखने के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर रहे हैं।
किसानों को उम्मीद है कि मौसम साथ देगा और फसल पर किसी तरह का प्रकोप नहीं होगा तो करीब एक माह बाद खेतों से मटर-छेमी की तुड़ाई शुरू हो जाएगी। अच्छी पैदावार और बाजार में बेहतर कीमत मिलने पर इस वर्ष किसानों की आमदनी बढ़ सकती है।