सोनपुर मेले में जाने वालों के लिए खुशखबरी, बाबा हरिहरनाथ के दर्शन का समय बदला
सोनपुर मेले में बाबा हरिहरनाथ मंदिर के दर्शन का समय बढ़ाया गया है, जिससे श्रद्धालु अब रात 9 बजे तक ...और पढ़ें

सोनपुर मेले में रात नौ बजे तक होंगे बाबा हरिहरनाथ के दर्शन (जागरण फोटो)
HighLights
सोनपुर मेले में दर्शन का समय रात 9 बजे तक बढ़ा।
दोपहर का शयनकाल घटाकर केवल आधे घंटे का किया।
कार्तिक पूर्णिमा पर मध्यरात्रि से विशेष अनुष्ठान होंगे।
संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार बाबा हरिहरनाथ के दर्शन-पूजन के लिए अधिक समय मिलेगा। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास समिति ने मेला अवधि के लिए दर्शन की समय-सारणी में बदलाव किया है।
नई व्यवस्था के तहत दोपहर का शयनकाल घटा दिया गया है। अब राजभोग के लिए मंदिर के पट केवल आधे घंटे बंद रहेंगे, जबकि रात नौ बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
न्यास समिति के निर्णय के अनुसार, प्रतिदिन की तरह सुबह 4:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालु दर्शन और पूजन कर सकेंगे। इसके बाद राजभोग के लिए दोपहर 12 बजे मंदिर के पट बंद होंगे, जो 12:30 बजे पुनः खोल दिए जाएंगे।
इसके बाद शाम 4:30 बजे तक दर्शन-पूजन, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक होगा। शाम 4:30 से छह बजे तक बाबा का दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। छह बजे से रात नौ बजे तक श्रद्धालुओं को श्रृंगार दर्शन का अवसर मिलेगा। इसके बाद राजभोग अर्पित कर मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
कार्तिक पूर्णिमा पर मध्यरात्रि से विशेष अनुष्ठान
कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व को लेकर भी मंदिर में विशेष व्यवस्था की गई है। 23 नवंबर की मध्यरात्रि 12 बजे नारायणी स्नान के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू होगा।
रात 12 से दो बजे तक बाबा हरिहरनाथ का उत्थापन और विशेष रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके बाद 24 नवंबर को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह तीन बजे आम श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे।
कार्तिक पूर्णिमा से शुरू होकर अग्रहायण पूर्णिमा तक चलने वाले सोनपुर मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
दर्शन की अवधि बढ़ाने का उद्देश्य भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से पूजा-अर्चना का अवसर देना है।
न्यास समिति ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय-सारणी का पालन करने और कतारबद्ध होकर दर्शन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- बिहार के सोनपुर मेला में सजी कश्मीरी हस्तकला, पश्मीना शॉल-कंबल और कानी साड़ी की भारी डिमांड
यह भी पढ़ें- 900 रुपये में घूमिए सोनपुर मेला, कपल्स के लिए 6 हजार का पैकेज; शाही टेंट में ठहरने का भी मौका