सारण: दूध में जहर मिलाकर 4 साल के मासूम की हत्या करने वाली महिला को आजीवन कारावास, 11 साल बाद मिला इंसाफ
छपरा में चार साल के बच्चे को दूध में जहर देकर हत्या करने के मामले में जिला अदालत ने एक महिला को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

महिला को आजीवन कारावास की सजा। (फाइल फोटो)
HighLights
चार साल के बच्चे की जहर देकर हत्या।
दोषी महिला राब्या खातून को आजीवन कारावास।
जमीन विवाद के कारण हुई थी मासूम की हत्या।
जागरण संवाददाता, छपरा। चार साल के मासूम बच्चे को दूध में जहर मिलाकर पिलाने से हुई हत्या के मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश-13 श्रीकांत सिंह ने आरोपित महिला को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
न्यायालय ने गड़खा थाना क्षेत्र के गड़खा निवासी राब्या खातून को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा दी है। वहीं, भादवि की धारा 228 के तहत सात वर्ष के कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया है।
मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक जितेंद्र कुमार सिंह ने पैरवी की। सुनवाई के दौरान उन्होंने अनुसंधानकर्ता और चिकित्सक समेत कुल चार गवाहों की गवाही न्यायालय में कराई।
इसके अलावा फोरेंसिक जांच रिपोर्ट में भी बच्चे को जहर दिए जाने की पुष्टि हुई थी। न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपित महिला को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।
खेलने के बहाने घर बुलाकर पिलाया था जहरीला दूध
घटना को लेकर मृतक अशरफ अली की मां रुखसाना खातून, पति साबिर खान, ने गड़खा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी के अनुसार, 21 जून 2015 को गांव की ही राब्या खातून ने अपनी सात वर्षीय बेटी शकीला के साथ खेलने के बहाने चार वर्षीय अशरफ अली को अपने घर बुलाया था।
आरोप था कि वहां राब्या ने दूध में जहर मिलाकर बच्चे को पिला दिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्वजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के पीछे पूर्व से चला आ रहा जमीन संबंधी विवाद बताया गया था। इस मामले में गड़खा थाना कांड संख्या 465/2015 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
बाद में मामला सत्र वाद संख्या 574/2015 के रूप में न्यायालय में चला। लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बाद अब अदालत ने आरोपित महिला को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है।
यह भी पढ़ें- सारण में शादी की खुशियों पर लगा ग्रहण, चाय के साथ ब्रेड टोस्ट खाते ही बिगड़ी 6 लोगों की तबीयत