विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण में शादी की खुशियों पर लगा ग्रहण, चाय के साथ ब्रेड टोस्ट खाते ही बिगड़ी 6 लोगों की तबीयत

By Amritesh KumarEdited By: Nishant Bharti
Published: Fri, 27 Nov 2026 02:19 PM (GMT+05:30)

सारण के मढ़ौरा में शादी समारोह के दौरान चाय के साथ ब्रेड टोस्ट खाने से छह लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें फूड प्वाइजनिंग की आशंका के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

चाय के साथ ब्रेड टोस्ट खाते ही बिगड़ी 6 लोगों की तबीयत(सौ.जागरण)

चाय के साथ ब्रेड टोस्ट खाते ही बिगड़ी 6 लोगों की तबीयत(सौ.जागरण)

HighLights

  1. शादी समारोह में ब्रेड टोस्ट खाने से छह लोग बीमार।

  2. फूड प्वाइजनिंग की आशंका पर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

  3. पुलिस ने दुकान पर बिक्री रोकी, खाद्य नमूने जांच को भेजे।

संवाद सूत्र, मढ़ौरा (सारण)। शादी की खुशियों के बीच ब्रेड टोस्ट ने परिवार के आधा दर्जन लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया। मढ़ौरा थाना क्षेत्र के टेहटी गांव में गुरुवार को चाय के साथ टोस्ट खाने के बाद छह लोगों की तबीयत बिगड़ गई। 

शुक्रवार की सुबह उल्टी, चक्कर और बेहोशी की शिकायत से घर में अफरातफरी मच गई। सभी को आनन-फानन में मढ़ौरा अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डा. वीरेश कुमार की निगरानी में इलाज शुरू किया गया।

चाय के साथ टोस्ट, फिर बिगड़ी हालत

बताया जाता है कि गांव के एक घर में शादी-विवाह का माहौल है। गुरुवार को परिवार के करीब दस सदस्यों ने चाय के साथ ब्रेड टोस्ट खाया था। इसके कुछ समय बाद उनमें से आधा दर्जन लोगों की तबीयत खराब होने लगी। 

शुक्रवार की सुबह स्थिति गंभीर होने पर परिजन सभी को अस्पताल ले गए। चिकित्सक ने शुरुआती लक्षणों के आधार पर फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई। सभी का उपचार किया जा रहा है।

दुकान पर पहुंची पुलिस, बिक्री रोकने की पहल

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हुई। पुलिस के अनुसार, पीड़ितों ने गांव की ही एक दुकान से ब्रेड टोस्ट खरीदा था। पुलिस ने संबंधित दुकान पर पहुंचकर जांच की। साथ ही टोस्ट की बिक्री पर रोक लगाने की बात कही।

खाद्य पदार्थ के नमूने की होगी जांच

सारण के खाद्य संरक्षा अधिकारी नारायण राम ने बताया कि दुकान से नमूना लेने के लिए अधिकारी को भेजा गया है। नमूने की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट से खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और लोगों की तबीयत बिगड़ने के कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद गांव में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- घरों में ताला लगाकर शादी में गए सारण के दो परिवार, लौटे तो टूटी मिलीं आलमारियां; लाखों के गहने गायब


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।