घरों में ताला लगाकर शादी में गए सारण के दो परिवार, लौटे तो टूटी मिलीं आलमारियां; लाखों के गहने गायब
गड़खा (सारण) में शादी में गए दो भाइयों के बंद घरों में चोरों ने सेंध लगाई। चोर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए, जिसकी कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है।

चोरी की घटना के बाद बिखड़े सामान और बिलखती महिला। जागरण
HighLights
शादी में शामिल होने गए थे दोनों परिवार।
चोरों ने बंद मकानों से 17 लाख का सामान चुराया।
सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हुए चोर।
संवाद सूत्र, गड़खा (सारण)। शादी की खुशियों में शामिल होने गए दो भाइयों के घर चोरों ने लाखों की चोट पहुंचाई। गड़खा थाना क्षेत्र के गड़खा गांव में गुरुवार की देर रात चोरों ने दो बंद मकानों को निशाना बनाया।
मुख्य दरवाजे के ताले काटकर अंदर घुसे चोर करीब 17 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
दोनों परिवारों के शादी समारोह से लौटने पर घरों में बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
शादी में गए थे दोनों परिवारों के लोग
जानकारी के अनुसार, गड़खा गांव निवासी महेश्वर पांडेय और कामेश्वर पांडेय सगे भाई हैं। दोनों अपने अलग-अलग मकानों में रहते हैं।
गुरुवार को दोनों परिवार घर में ताला बंद कर हराजी गांव में विनय तिवारी के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने दोनों मकानों के मुख्य दरवाजे का ताला काट दिया। इसके बाद अंदर रखी आलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान समेट लिया।
चोरों ने एक मकान से करीब दो लाख रुपये नकद चुरा लिए। दोनों घरों से लगभग 30 थान सोने-चांदी के आभूषण भी गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है।
सुबह खुली चोरी की पोल
शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने दोनों घरों के दरवाजे खुले देखे। उन्होंने फोन कर परिवार के सदस्यों को सूचना दी। घर पहुंचने पर स्वजन ने देखा कि ताले काटकर फेंक दिए गए थे।
आलमारियां टूटी थीं और बिस्तर सहित अन्य सामान बिखरे पड़े थे। गड़खा के प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गृहप्रवेश के भोज में गया परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर; मनेर में 40 लाख के गहने और 5 लाख नकद ले उड़े