गृहप्रवेश के भोज में गया परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर; मनेर में 40 लाख के गहने और 5 लाख नकद ले उड़े
पटना के मनेर में एक स्वर्ण व्यवसायी के बंद घर में भीषण चोरी हुई। चोरों ने 40 लाख रुपये के सोने के जेवरात और 5 लाख रुपये नकद चुरा लिए, जबकि परिवार गृहप्रवेश भोज में गया था।

आभूषण कारोबारी के घर की छानबीन करते पुलिस अधिकारी। जागरण
HighLights
मनेर में स्वर्ण व्यवसायी के बंद घर में चोरी हुई।
चोरों ने 40 लाख के जेवरात, 5 लाख नकद चुराए।
पुलिस ने जांच शुरू की, एफएसएल टीम बुलाई गई।
संवाद सूत्र, मनेर। पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के टाटा कॉलोनी स्थित माधोपुर में गुरुवार की रात चोरों ने एक स्वर्ण व्यवसायी के बंद घर को निशाना बनाते हुए भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया।
चोर घर से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और पक्के सोने के आभूषण समेत पांच लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।
स्वर्ण व्यवसायी बंधु धर्मेंद्र सोनी अपने टाटा कॉलोनी स्थित पुराने मकान में ताला बंद कर परिवार के साथ मनेर के गांधी हाट स्थित सृष्टि मैरिज हॉल के समीप बने अपने नए मकान में आयोजित गृहप्रवेश के भोज में शामिल होने गए थे।
रात 11 बजे लौटे तो हाे चुकी थी चोरी
इसी दौरान चोर घर के पीछे से अंदर प्रवेश कर गए और दो कमरों का ताला तोड़ दिया। इसके बाद कमरों में रखी दो आलमारियों के ताले तोड़कर उसमें रखे सोने के जेवरात और नकदी समेट ली।
रात करीब 11 बजे जब परिवार के सदस्य वापस पुराने मकान पहुंचे तो घर के कमरों के दरवाजे टूटे मिले। मुख्य द्वार की कुंडी अंदर से बंद थी।
किसी तरह अंदर गए तो सभी चौंक गए। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। आलमारियों की जांच करने पर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी गायब मिले।
इसके बाद तत्काल मनेर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने एसआई अफसर अली, अभय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर भेजकर जांच शुरू कराई।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र आभूषण बनाने का काम करते हैं।
जबकि उनके भाई जितेंद्र की मनेर बस्ती रोड पर शगुन ज्वेलर्स नाम से सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। विभिन्न दुकानदारों से उन्होंने सोना आभूषण बनाने के लिए ले रखा था ।