विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा और सोनपुर के जमीन मालिकों को राहत, टोपोलैंड रजिस्ट्री का रास्ता साफ

Published: Fri, 30 Oct 2026 07:41 PM (IST)

सारण जिले में टोपोलैंड भूमि के निबंधन पर लगी रोक को लेकर बनी असमंजस की स्थिति अब दूर हो गई है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. सारण में टोपोलैंड भूमि निबंधन पर गतिरोध समाप्त।

  2. विभाग ने रजिस्ट्री पर रोक न होने की पुष्टि की।

  3. छपरा, सोनपुर के लोगों को मिली बड़ी राहत।

जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिले में टोपोलैंड घोषित भूमि के निबंधन को लेकर बना गतिरोध दूर होने की उम्मीद है।

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि उसकी ओर से टोपोलैंड भूमि की रजिस्ट्री पर कोई रोक नहीं लगाई गई है।

विभाग ने पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इससे छपरा नगर निगम क्षेत्र और सोनपुर समेत अन्य प्रभावित इलाकों में जमीन की रजिस्ट्री कराने की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को राहत मिल सकती है।

इस संबंध में उप निबंधन महानिरीक्षक सुशील कुमार सुमन ने 29 अक्टूबर 2026 को सारण के जिला अवर निबंधक को पत्र भेजा है। जिला अवर निबंधक ने टोपोलैंड भूमि के निबंधन पर रोक की स्थिति को लेकर विभाग से मार्गदर्शन मांगा था। इसके जवाब में विभाग ने कहा कि उसकी ओर से ऐसा कोई निषेधात्मक आदेश जारी नहीं किया गया है।

विभाग ने 16 अगस्त 2022 को जारी पत्रांक 4087 का हवाला देते हुए कहा है कि टोपोलैंड भूमि के निबंधन के संबंध में पहले ही दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। कोई नया प्रतिबंधात्मक आदेश जारी नहीं हुआ है। ऐसे में पूर्व के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जानी चाहिए।

उप निबंधन महानिरीक्षक ने जिला अवर निबंधक को विभागीय स्पष्टीकरण के आलोक में अग्रेतर कार्रवाई करने को कहा है। इससे लंबे समय से रजिस्ट्री को लेकर असमंजस झेल रहे जमीन मालिकों को राहत मिलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- जमीन मालिकों को राहत, सारण ग्रीनफील्ड टाउनशिप के 78 गांवों में खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।