विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमीन मालिकों को राहत, सारण ग्रीनफील्ड टाउनशिप के 78 गांवों में खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटी

Published: Fri, 30 Oct 2026 07:23 PM (IST)

सारण जिले के प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप क्षेत्र में जमीन के क्रय-विक्रय और हस्तांतरण पर लगी रोक राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से हटा दी है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. सारण ग्रीनफील्ड टाउनशिप में जमीन खरीद-बिक्री पर रोक हटी।

  2. राज्य सरकार ने भूमि निबंधन की तत्काल अनुमति दी।

  3. मास्टर प्लान तक निर्माण और भूमि विकास वर्जित रहेगा।

जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिले के प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप क्षेत्र में जमीन के क्रय-विक्रय और हस्तांतरण पर लगी रोक राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से हटा दी है।

नगर विकास एवं आवास विभाग ने भूमि निबंधन की अनुमति दे दी है। हालांकि, संबंधित क्षेत्र का मास्टर प्लान अधिसूचित होने तक किसी भी तरह के निर्माण और भूमि विकास की अनुमति नहीं होगी।

निर्माण कार्य भी निर्धारित भू-उपयोग और डेवलपमेंट कंट्रोल रेगुलेशन (डीसीआर) के मानकों के अनुरूप ही किया जा सकेगा।

विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार की ओर से जारी प्रेस नोट में इसकी जानकारी दी गई है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि विभागीय निर्देश प्राप्त होने के बाद जमीन के निबंधन पर लगी रोक तत्काल प्रभाव से हटा दी गई है।

सारण जिले के सोनपुर स्थित हरिहरनाथपुर क्षेत्र में प्रस्तावित टाउनशिप के लिए करीब 78 राजस्व गांवों को चिह्नित किया गया है। अनियोजित बसावट और बेतरतीब निर्माण पर रोक लगाने के उद्देश्य से इन क्षेत्रों में पहले जमीन की रजिस्ट्री और खरीद-बिक्री पर पाबंदी लगाई गई थी।

जमीन मालिकों को राहत

इससे किसानों और स्थानीय भू-स्वामियों को पारिवारिक जरूरतों तथा आर्थिक कारणों से जमीन का लेन-देन करने में परेशानी हो रही थी। रोक हटने से जमीन मालिकों को राहत मिली है।

प्रस्तावित टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, जल निकासी, हरित क्षेत्र, परिवहन केंद्र और व्यावसायिक क्षेत्र विकसित करने की योजना है।

हालांकि, रजिस्ट्री की अनुमति को निर्माण की छूट नहीं माना जाएगा। मास्टर प्लान लागू होने और निर्धारित नियमों के अनुसार ही निर्माण संभव होगा।

यह भी पढ़ें- 4447 करोड़ का मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर: सफियासराय से लखीसराय तक सड़क निर्माण के लिए जल्द स्थापित होगा प्लांट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।