विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

4447 करोड़ का मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर: सफियासराय से लखीसराय तक सड़क निर्माण के लिए जल्द स्थापित होगा प्लांट

Published: Tue, 27 Oct 2026 03:48 PM (IST)

मुंगेर और लखीसराय जिले के लिए मोकामा-मुंगेर फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं।

मोकामा-मुंगेर फोरलेन निर्माण में तेजी, इंदरुख में बनेगा विशाल स्टोर प्लांट

मोकामा-मुंगेर फोरलेन निर्माण में तेजी, इंदरुख में बनेगा विशाल स्टोर प्लांट

HighLights

  1. मोकामा-मुंगेर फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर निर्माण की तैयारी तेज।

  2. जमालपुर के इंदरुख में बनेगा निर्माण सामग्री प्लांट।

  3. 4447 करोड़ की परियोजना, क्षेत्र में आर्थिक विकास।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। मुंगेर और लखीसराय जिले के लिए महत्वपूर्ण मोकामा-मुंगेर फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर परियोजना के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। सफियासराय से लखीसराय तक सड़क निर्माण को गति देने के लिए जमालपुर प्रखंड के इंदरुख में निर्माण सामग्री के भंडारण और प्लांट स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है।

इसके लिए महाराष्ट्र और पंजाब की कंपनी करीब 40 एकड़ जमीन पांच वर्ष के लिए लीज पर लेने की प्रक्रिया में जुटी है। जमीन लेने की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है। कंपनी के एजीएम पूनम कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ इंदरुख पहुंचे और प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान जमीन की उपलब्धता और उपयुक्तता का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जमीन मालिकों से बातचीत कर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में पहल की।

कंपनी की ओर से चिह्नित जमीन पर जल्द प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है। फोरलेन निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री के भंडारण और उपलब्धता सुनिश्चित करने में इस स्थल की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है।

इन इलाकों से होकर गुजरेगी फोरलेन सड़क

प्रस्तावित फोरलेन सड़क डकरा नाला नहर के आसपास से सफियासराय, गौरीपुर, शांतिनगर, रामपुर, इंद्ररुख, फुल्का और भलार सहित विभिन्न इलाकों से होकर गुजरेगी। परियोजना को लेकर क्षेत्र में गतिविधियां तेज हो गई हैं।

सड़क निर्माण की संभावनाओं को देखते हुए आसपास के इलाकों में जमीन की मांग बढ़ने और कीमतों में उछाल आने की चर्चा है। सड़क बनने से मुंगेर, लखीसराय और मोकामा के बीच आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर आर्थिक विकास को गति मिलने की संभावना है।

4447 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना

मोकामा-मुंगेर फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग 82.4 किलोमीटर बताई गई है। परियोजना की अनुमानित लागत 4447.38 करोड़ रुपये है।

उपलब्ध परियोजना विवरण के अनुसार, इसमें लखीसराय जिले में 57.9 किलोमीटर, मुंगेर जिले में 14.7 किलोमीटर और पटना जिले के मोकामा क्षेत्र में 8.4 किलोमीटर सड़क शामिल है।

लखीसराय जिले के पांच प्रखंडों के 48 मौजों में लगभग 847 एकड़ भूमि अधिग्रहण किया जाना है। सड़क निर्माण के लिए 60 मीटर चौड़ी जमीन प्रस्तावित है।

परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ यातायात का दबाव कम करने, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।