सारण में भतीजी के तिलक से पहले उठी चाचा की अर्थी, ट्रैक्टर की टक्कर से मौत; परिवार में मातम
सारण में सोनपुर मेला ड्यूटी से लौट रहे पशुपालन विभाग के अधिकारी के चालक अभिमन्यु सिंह की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। यह हादसा भतीजी के तिलक से ठीक पहले हुआ, जिससे परिवार में खुशियों की जगह मातम छा गया।

सारण में भतीजी के तिलक से पहले उठी चाचा की अर्थी (AI Generated Image)
HighLights
सोनपुर मेला ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा।
ट्रैक्टर की टक्कर से अभिमन्यु सिंह की मौत।
भतीजी के तिलक से पहले परिवार में छाया मातम।
संवाद सूत्र, नगरा (सारण)। सारण में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। मेला ड्यूटी से देर रात घर लौट रहे पशुपालन विभाग के अधिकारी के चालक अभिमन्यु सिंह (38) की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई।
हादसे ने पटेढ़ी गांव में खुशियों की तैयारी को मातम में बदल दिया। 20 नवंबर को उनके घर से भतीजी का तिलक जाने वाला था। इसके पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
तुजारपुर पोखरा के पास हुआ हादसा:
मढ़ौरा थाना क्षेत्र के पटेढ़ी गांव निवासी वशिष्ठ नारायण सिंह के पुत्र अभिमन्यु सिंह 19 नवंबर को सोनपुर मेला ड्यूटी पर गए थे। रात करीब 9:30 बजे वह छपरा से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।
बताया जाता है कि उनकी अपनी मोटरसाइकिल पंचर हो गई थी, इसलिए वह दोस्त की बाइक लेकर घर जा रहे थे।
इसी दौरान तुजारपुर पोखरा के समीप एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल दूर जा गिरी और अभिमन्यु ट्रैक्टर में फंस गए।
रामपुर कला के पास सड़क पर छोड़कर भागा चालक:
ट्रैक्टर चालक उन्हें घसीटते हुए रामपुर कला गांव के समीप तक ले गया। वहां उन्हें सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक टेंपो चालक की नजर सड़क पर पड़े दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति पर पड़ी।
उसने टेंपो रोककर तत्काल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
बाइक के नंबर से हुई मृतक की पहचान:
पुलिस ने घटनास्थल पर मिली मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क किया। इसके बाद मृतक की पहचान अभिमन्यु सिंह के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम के बाद पारिवारिक परिस्थितियों के कारण रात में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अभिमन्यु अपने पीछे एक साल के पुत्र को छोड़ गए हैं।
यह भी पढ़ें- जिस घर में रात तक बज रही थीं तालियां, सुबह वहां मच गई चीख-पुकार; पूर्णिया के सड़क हादसे में थम गईं दो सांसें